अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री और झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच पार्टी संगठन, आम जनता से जुड़े मुद्दों और विकास कार्यों को लेकर लंबी बातचीत हुई। सांसद डॉ. वर्मा ने गृह मंत्री के साथ झारखंड के वर्तमान राजनीतिक हालात और जनसेवा से जुड़े कई जमीनी विषयों पर अपने विचार साझा किए।
संगठन को मजबूत करने और जनसेवा पर रहा जोर
मुलाकात के दौरान संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर खास चर्चा हुई। डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि यह निष्ठापूर्वक जनसेवा के जरिए देश को आगे ले जाने वाले कार्यकर्ताओं की एक मजबूत टीम है। उन्होंने कहा कि अमित शाह का सांगठनिक कौशल और पार्टी की विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हर कार्यकर्ता के लिए सीख है। उनकी कार्यशैली से कार्यकर्ताओं में जमीन पर उतरकर काम करने और लोगों की समस्याओं को दूर करने की नई ऊर्जा मिलती है।


शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में काम करना गर्व की बात
डॉ. वर्मा ने बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशों पर पार्टी के साथ जुड़कर काम करना उनके लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है। उन्होंने साफ किया कि पार्टी का हर कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प को पूरा करने में जुटा है। शीर्ष नेतृत्व के सहयोग से झारखंड में भी जनहित के मुद्दों को लगातार उठाया जा रहा है और आने वाले दिनों में संगठन के कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी।
इसे भी पढ़ें : तारीखों की भूलभुलैया नहीं, अदालत ने मुकदमों के बोझ तले दबे चेहरों पर बिखेर दी राहत की धूप

