अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार की राजनीति में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय चौधरी भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने तुरंत उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। इसके बाद अब राज्य में नई सरकार बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
करीब 20 साल का सफर खत्म
नीतीश कुमार पिछले करीब 20 वर्षों से बिहार की राजनीति के सबसे बड़े चेहरे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कई बार सरकार बनाई और अलग-अलग राजनीतिक समीकरणों के साथ सत्ता में बने रहे। उनके इस्तीफे के साथ एक लंबे राजनीतिक दौर का अंत हो गया है। अब बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है।
राजभवन पहुंचे और सौंपा इस्तीफा
मंगलवार दोपहर करीब सवा तीन बजे नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे। वहां उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। पूरी प्रक्रिया शांत माहौल में पूरी हुई, लेकिन बाहर राजनीतिक हलचल साफ दिख रही थी। नेताओं और अधिकारियों की आवाजाही लगातार बनी रही।
बीजेपी और एनडीए की बैठकें जारी
इधर, बीजेपी विधायकों की बैठक शुरू हो चुकी है। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक भी होगी। माना जा रहा है कि इन बैठकों में नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा होगी और अंतिम फैसला लिया जाएगा। सभी की नजर अब इसी बैठक पर टिकी है।
पटना में बढ़ाई गई सुरक्षा
इस पूरे घटनाक्रम को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजभवन और लोकभवन के आसपास पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है ताकि कोई भी अप्रिय स्थिति न बने।
शपथ ग्रहण की तैयारी शुरू
नई सरकार के गठन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही नई सरकार का गठन कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : सचिवालय से विदा हुए CM नीतीश, भावुक हुआ पूरा सिस्टम



