अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। अज्ञात अपराधियों ने वेल्डिंग दुकानदार जसीमुद्दीन अंसारी की छुरा मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने उन्हें कॉल कर वेल्डिंग का काम कराने के बहाने बुलाया और मौके पर पहुंचते ही हमला कर दिया। जसीमुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों और परिजनों ने उन्हें हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बिहार के औरंगाबाद रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हत्या की खबर फैलते ही फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
जसीमुद्दीन की मौत की खबर मिलते ही गांव और इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-98 (एनएच-98) को जाम कर दिया और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। करीब दो घंटे तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम हट सका।
परिवार में मातम, पुलिस ने शुरू की जांच
मृतक जसीमुद्दीन अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत के बाद घर में मातम का माहौल है। पत्नी और बच्चे रो-रोकर बेहाल हैं। इस घटना की पुष्टि करते हुए हरिहरगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : हेवी ब्लास्टिंग से दरकी दीवारें, फिर भयंकर बवाल से दहला गांव



