अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : CM हेमंत सोरेन ने बुधवार को रांची स्थित क्यूरेस्टा अस्पताल पहुंचकर पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों से विमल लकड़ा को दी जा रही चिकित्सा सुविधा की भी जानकारी ली। CM हेमंत हेमंत ने इस मौके पर कहा कि राज्य सरकार जल्द ही झारखंड में न्यूरो रिहैबिलिटेशन सेंटर की स्थापना करेगी। उन्होंने कहा कि इससे न्यूरोलॉजिकल समस्याओं से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। CM हेमंत सोरेन ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि दिशोम गुरु जल्द ही स्वस्थ होकर वापस लौटेंगे।
क्यूरेस्टा अस्पताल के डॉक्टर संजय कुमार ने बताया कि विमल लकड़ा की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और संभवतः अगले 3-4 दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति संतोषजनक है। डॉ. संजय कुमार ने मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बेहद संवेदनशील हैं और राज्य की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
यहां याद दिला दें कि विमल लकड़ा पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती हैं। वे सिमडेगा जिले के अपने गांव में खेत में काम करते समय गिरकर बेहोश हो गए थे। पहले उन्हें सिमडेगा सदर अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रेफर किया गया। क्यूरेस्टा अस्पताल में जांच के दौरान पता चला कि उनके सिर में खून के थक्के जम गए हैं। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
इसे भी पढ़ें : जन सुराज पार्टी के नेता-कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, निकले थे विधानसभा घेराव करने

