अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करता रहा है। इस कड़ी में रांची में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। इस प्रतियोगिता का भव्य, शानदार और सफल आयोजन हो ताकि खेलों के क्षेत्र में झारखंड की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग और विशिष्ट पहचान बने। मौका था चौथी साउथ एशियन एथलेटिक्स फेडरेशन (सैफ) सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के उद्घाटन का न्यौता देने का। सीएम हेमंत को न्यौता देने पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल और युवा मामले विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक शेखर जमुआर और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव मधुकांत पाठक पहुंचे थे। मौके पर उन्होंने CM हेमंत सोरेन को बताया कि 24 से 26 अक्टूबर तक राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में SAF सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने के लिए सीएम को आमंत्रण पत्र सौंपा गया। उद्घाटन समारोह 24 अक्टूबर को शाम 6 बजे से होगा। खेल मंत्री ने रांची में आयोजित हो रहे सैफ सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारियों से संबंधित जानकारी से मुख्यमंत्री को सारी जानकारी दी।
मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने आयोजकों से कहा कि प्रतियोगिता के दौरान सभी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और खिलाड़ियों व दर्शकों के लिए सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रतियोगिता से राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : छठ महापर्व पर बदला रहेगा राजधानी का ट्रैफिक सिस्टम… जानें

