अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Siwan : सीएम नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत सिवान जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएम नीतीश ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मैरवा में नवनिर्मित सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद कॉलेज परिसर से रिमोट के माध्यम से सिवान जिले की 202 करोड़ रुपये की 71 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इनमें 157 करोड़ रुपये की 40 योजनाओं का शिलान्यास और 45 करोड़ रुपये की 31 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।
विभागीय स्टॉलों का किया अवलोकन
सीएम ने कॉलेज परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाभुकों को सांकेतिक चेक और स्वीकृति पत्र भी सौंपे।
किसानों और उद्यमियों को मिली सहायता
मुख्यमंत्री ने सूर्यान्स एफपीओ को तेल प्रसंस्करण इकाई के लिए 9.90 लाख रुपये की स्वीकृति दी। मुकेश कुमार को फार्म मशीनरी बैंक के लिए 8 लाख रुपये का अनुदान चेक दिया गया। धर्मेंद्र राम को झोपड़ी मशरूम इकाई के लिए 89,750 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
कृषि सखियों ने जताया आभार
कृषि सखियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को जागरूक कर रही हैं। सरकार द्वारा उन्हें 5 हजार रुपये प्रति माह प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। सीवान जिले के 11 प्रखंडों में कुल 23 कृषि सखियों को यह सहायता मिल रही है।
सड़क और पुल परियोजनाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने सिवान-आंदर पथ के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 24 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
इसके अलावा कई अन्य परियोजनाओं पर भी काम जारी है:
- पचरुखी बाईपास से एनएच 227 तक सड़क चौड़ीकरण
- मौनिया बाबा महावीरी झंडा मेला को राज्य मेला प्राधिकरण में शामिल करना
- भंटापोखर-जीरादेई सड़क निर्माण
- रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण
- घाघरा नदी पर पुलों के पहुंच पथ का निर्माण
- मैरवा ग्रिड उपकेंद्र निर्माण
- प्रेक्षागृह निर्माण कार्य
पंचमंदिरा पोखरा का सौंदर्यीकरण देखा
मुख्यमंत्री ने पंचमंदिरा पोखरा में जल जीवन हरियाली अभियान के तहत हुए सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। साथ ही वहां मत्स्य बीज संचयन कार्य का शुभारंभ भी किया।
इसे भी पढ़ें : “5 करोड़ दो, नहीं तो तुम्हें दफना दूंगा”, इस बिल्डर को कुख्यात राहुल दुबे की खुली धमकी

