अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : सीएम सम्राट चौधरी ने हिन्दी दिवस, गणेश चतुर्थी और हरितालिका तीज के अवसर पर राज्य और देश के लोगों को बधाई दी है। उन्होंने रविवार को जारी अपने संदेश में कहा कि भारत विभिन्न संस्कृतियों और भाषाओं का देश है, लेकिन हिन्दी वह डोर है जो पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोकर रखती है। इसके साथ ही उन्होंने दोनों बड़े त्योहारों को शांति, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।
कामकाज में हिन्दी अपनाने की अपील
सीएम ने हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या पर कहा कि हिन्दी देश में सबसे ज्यादा बोली और समझी जाने वाली भाषा है। यह हमारी राष्ट्रीय पहचान है और आम जनता की भावनाओं को प्रकट करने का सबसे मजबूत जरिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में हिन्दी सरकारी कामकाज की मुख्य भाषा है। सीएम ने लोगों से आह्वान किया कि वे रोजमर्रा के दफ्तरी और निजी कामों में हिन्दी का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि हमें अपनी भाषा सीखने, समझने और बोलने पर गर्व होना चाहिए।

गणेशोत्सव पर सौहार्द्र बनाए रखने का संदेश
गणेश चतुर्थी की बधाई देते हुए सीएम ने लोगों से इस पावन पर्व को पूरे उत्साह और शांति के साथ मनाने को कहा। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता हैं और यह त्योहार हमें समाज में मिलकर रहने की सीख देता है। सीएम ने राज्यवासियों से अपील की कि वे आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के माहौल में बप्पा की पूजा-अर्चना करें और सामाजिक ताने-बाने को मजबूत बनाएं।
माताओं-बहनों को दी तीज की शुभकामनाएं
हरितालिका तीज के मौके पर सीएम ने विशेष रूप से राज्य की महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीज भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा से जुड़ा बेहद खास पर्व है। सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, अच्छी सेहत और पूरे परिवार की खुशहाली के लिए यह कठिन निर्जला व्रत रखती हैं। सीएम ने कामना की कि इस पावन पर्व से बिहार के हर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आए और प्रदेश लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने सभी से इस त्योहार को पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने की अपील की।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट का बड़ा ऐलान- बिहार के 100 प्रोफेसर जाएंगे ऑक्सफोर्ड, लेंगे ट्रेनिंग

