अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : भाजपा अध्यक्ष और विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने स्वास्थ्य विभाग में टेंडर प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। मरांडी ने कहा कि उपलब्ध दस्तावेज और रिकॉर्ड यह दर्शाते हैं कि कुछ खास लोगों को अनुचित लाभ देने के लिए प्रक्रिया में हेरफेर किया गया।
एक ही परिवार की तीन कंपनियां
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि एक ही परिवार ने रांची के इरगु रोड पहाड़ी टोला में तीन कंपनियां बनाकर पूरे घोटाले को अंजाम दिया। ये कंपनियां हैं – हैंड इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड, एमएस भारत आर्ट एंड सप्लायर और एमएस ग्लोबल आर्ट एंड सप्लायर। तीनों कंपनियों के निदेशक/प्रोप्राइटर एक ही परिवार के सदस्य हैं – ख्वाजा अब्दुल गुदिर अहमद बट, ख्वाजा मोहसिन अहमद और फरहान अहमद बट।
नियमों की खुलेआम अनदेखी
मरांडी ने कहा कि जेम पोर्टल के नियमों के अनुसार यदि कोई व्यक्ति दो या अधिक कंपनियों के जरिए बिडिंग में हिस्सा लेता है, तो उसका टेंडर तकनीकी तौर पर रद्द हो जाना चाहिए। लेकिन इन तीन कंपनियों को लगातार ‘टेक्निकली क्वालीफाई’ घोषित किया गया।
टेंडरों में हेरफेर और भुगतान
सभी 11 टेंडर इन्हीं तीन कंपनियों को दिए गए। बिडिंग में केवल कुछ हजार रुपए का अंतर दिखाता है कि दरें पहले से तय की गई थीं। जो कंपनियां इस षड्यंत्र में नहीं थीं, उन्हें प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। मेडिकल क्षेत्र के जानकारों का कहना है कि भुगतान बाजार कीमत से कई गुना अधिक हुआ।
उच्चस्तरीय जांच की मांग
मरांडी ने कहा कि यह केवल वित्तीय अनियमितता नहीं है, बल्कि प्रशासनिक पारदर्शिता और संवैधानिक सिद्धांतों पर भी सवाल उठता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से एफआईआर कराकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
11 टेंडर जिनका हवाला दिया गया
- जीईएम /2024/B/5748485 (सिविल सर्जन- दुमका)
- जीईएम/2024/B/5758754 (सिविल सर्जन- रांची)
- जीईएम/2025/B/5895644 (सिविल सर्जन- जामताड़ा)
- जीईएम/2025/B/5919778 (सिविल सर्जन-जामताड़ा)
- जीईएम/2025/B/5920544 (सिविल सर्जन- बोकारो)
- जीईएम/2025/B/6012458 (सिविल सर्जन- बोकारो)
- जीईएम/2025/B/6012441 (सिविल सर्जन- बोकारो)
- जीईएम/2025/B/6013926 (सिविल सर्जन-दुमका)
- जीईएम/2025/B/6017607 (सिविल सर्जन-देवघर)
- जीईएम/2025/B/6021839 (सिविल सर्जन- सरायकेला खरसावां)
- जीईएम/2025/B/6022047 (सिविल सर्जन-जामताड़ा)
इसे भी पढ़ें : बिजली विभाग के ‘इंजीनियर साहेब’ के ठिकानों पर EOU की रेड

