अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के कई इलाकों में गुरुवार को ठंड ने जोर पकड़ लिया। सबसे कम तापमान सिमडेगा में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे राज्य में औसत न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा।
सबसे ठंडे जिले
झारखंड में सबसे कम तापमान सिमडेगा में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुमला में पारा 5 डिग्री तक लुढ़क गया। खूंटी में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री, लोहरदगा में 7.3 डिग्री और हजारीबाग में 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची में भी ठिठुरन बढ़ गई है, यहाँ तापमान 8.5 डिग्री तक पहुंचा। लातेहार में 8.2 डिग्री और पश्चिमी सिंहभूम में 9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। भारत मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और उत्तर-पूर्व से आ रही तेज ठंडी हवाओं की वजह से राज्य भर में तापमान में यह भारी गिरावट आई है।
एक दिन और रहेगी कड़ाके की ठंड, फिर राहत
रांची मौसम केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि आज (शुक्रवार) भी न्यूनतम तापमान इतना ही ठंडा रह सकता है। इसके बाद अगले 5 दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। यानी जल्द ही ठंड से कुछ राहत मिलेगी।
ठंड से बचाव के लिए सरकार सक्रिय
राज्य सरकार ने ठंड से लोगों को बचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने 24 जिलों को कुल 79 लाख रुपये जारी किए हैं। इससे अलाव जलाने और जरूरतमंदों को कंबल आदि बांटे जाएंगे। आपदा प्रबंधन मंत्री इरफान अंसारी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रमुख चौराहों, बाजारों, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाली जगहों पर पर्याप्त अलाव की व्यवस्था की जाए। मंत्री ने कहा, “ठंड का सबसे ज्यादा असर गरीब परिवारों पर पड़ता है। सरकार की जिम्मेदारी है कि कोई व्यक्ति ठंड से परेशान न हो।”
इसे भी पढ़ें : मुख्य सचिव ने सीएम हेमंत सोरेन को दिया न्योता, किस वास्ते… जानें



