अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के पुलिसकर्मियों के बच्चों को अब अच्छी और सस्ती पढ़ाई के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। राज्य की सभी पुलिस लाइनों में जल्द ही डीएवी स्कूल खोले जाएंगे। सीएम सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना के बापू सभागार में तीन दिवसीय आठवें ‘डीएवी यूनाइटेड फेस्टिवल’ का उद्घाटन करते हुए यह बड़ा ऐलान किया। उन्होंने डीएवी संस्थान के अध्यक्ष डॉ. पूनम सूरी से सभी पुलिस लाइनों में स्कूल खोलने का आग्रह किया और भरोसा दिलाया कि इसके लिए सरकार की ओर से सभी चिह्नित जगहों पर मुफ्त जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार पुलिस बल में करीब डेढ़ लाख जवान हैं, जिनमें लगभग 40 हजार महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। इन सभी के बच्चों को बेहतर शिक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी है। ‘सेलिब्रेटिंग यूनिटी’ की थीम पर 28 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद बिहार के बच्चों को अपने ही राज्य में अच्छी पढ़ाई देना है, ताकि उन्हें दूसरे राज्यों में न जाना पड़े।

अगले एक साल में शुरू होगा विक्रमशिला विश्वविद्यालय
अपने भाषण में सीएम ने बिहार के पुराने गौरव को याद करते हुए कहा कि नालंदा और विक्रमशिला जैसे मशहूर विश्वविद्यालय इसी धरती पर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नालंदा विश्वविद्यालय की पुरानी पहचान फिर से लौट आई है। अब विक्रमशिला विश्वविद्यालय बनाने से जुड़ी सभी अड़चनें दूर कर ली गई हैं और अगले एक साल के अंदर इसे शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों से जुड़े डीएवी संस्थान के 140 साल के सफर की भी तारीफ की। मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 1886 में लाहौर से शुरू हुआ यह संस्थान आज पूरे देश में शिक्षा की रोशनी फैला रहा है। उन्होंने बिहार में डीएवी के काम को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की तरफ से हरसंभव मदद देने का वादा किया।

बिहार में खुले 211 नए डिग्री कॉलेज, रात एक बजे भी पढ़ रहे डेढ़ लाख बच्चे
राज्य की पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था में हो रहे सुधारों पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि साल 1947 से 2026 तक बिहार में सिर्फ 272 डिग्री कॉलेज थे, लेकिन मौजूदा सरकार ने एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेज खोलने का फैसला किया है और वहां शिक्षकों की भर्ती भी पक्की कर दी है। शिक्षकों की बहाली होने से दिल्ली, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में नौकरी कर रहे बिहार के शिक्षक अब अपने घर वापस लौट आए हैं। इसके साथ ही राज्य के बीएड कॉलेजों से भी डिग्री कॉलेज चलाने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि बिहार के 534 प्रखंडों सहित कुल 700 जगहों पर ‘सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल’ खोले गए हैं, जहां करीब 4.5 लाख बच्चे पढ़ रहे हैं। तकनीक की मदद से बच्चों को हर समय शिक्षक मिल रहे हैं। जुलाई महीने की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने खुशी जताई कि रात एक बजे भी करीब डेढ़ लाख बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे थे। इससे उन परिवारों के बच्चों को सबसे ज्यादा फायदा मिल रहा है, जिन्हें घर पर पढ़ाई में कोई मदद नहीं मिल पाती थी।

युवाओं को 18 हजार करोड़ की मदद, बिहार में बनेंगे 10 नए एयरपोर्ट
सीएम ने बताया कि बिहार की करीब 62 प्रतिशत आबादी 29 साल से कम उम्र की है। इन युवाओं को आगे की पढ़ाई और तकनीक सीखने के लिए सरकार ‘स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना’ के जरिए करीब 18 हजार करोड़ रुपये दे रही है। पढ़ाई के अलावा राज्य में सड़क, हवाई सेवा और उद्योगों के काम में भी तेजी आई है। पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया में हवाई सेवाओं को बढ़ाने के साथ ही राज्य में 10 नए हवाई अड्डे बनाने पर काम चल रहा है। उद्योग के क्षेत्र में बिहार 15 प्रतिशत की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और हर साल राज्य में करीब 9 से 10 हजार नई कंपनियां खुल रही हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी ने सीएम को फूलों का गुलदस्ता और हरा पौधा देकर स्वागत किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, सांसद संजय कुमार झा, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, डीएवी बीएसईबी के प्राचार्य एसी झा और उपाध्यक्ष अजय सूरी सहित कई शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें : बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा शुरू, देखें किराया और रूट की पूरी लिस्ट








