अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dhanbad : धनबाद के जोगता थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह अचानक जमीन धंसने से हड़कंप मच गया। सिजुआ काली मंदिर के पास हुए इस भीषण भू-धंसान की चपेट में कई घर आ गए। देखते ही देखते चार घर पूरी तरह जमींदोज हो गए, जबकि दो अन्य घरों में भी बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। भू-धंसान के दौरान कुछ लोगों के मलबे में दबने की बात सामने आई। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने खुद राहत और बचाव का काम शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। वहीं, इस घटना में 12 वर्षीय विक्रम कुमार भुइयां की मौत हो गई। सीओ गिरिजानंद किस्कू ने ईटीवी भारत से बातचीत में बच्चे की मौत की पुष्टि की है।
अचानक धंसी जमीन, देखते ही देखते जमींदोज हो गए घर
मंगलवार सुबह सिजुआ काली मंदिर के पास अचानक जमीन धंसने लगी। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही जमीन का बड़ा हिस्सा नीचे चला गया। भू-धंसान इतना तेज था कि इसकी चपेट में आसपास बने घर भी आ गए। चार घर पूरी तरह ढह गए, जबकि दो घरों में दरारें आने से उनके भी असुरक्षित होने का खतरा पैदा हो गया है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। मलबे के बीच अपनों को तलाशते लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि भू-धंसान के दौरान कुछ लोग मलबे में फंस गए थे। ग्रामीणों ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू किया और लोगों को बाहर निकाला।

ग्रामीणों ने लगाया अवैध कोयला खनन का आरोप, सड़क जाम कर जताया विरोध
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि जिस इलाके में भू-धंसान हुआ है, वहां पहले अवैध तरीके से कोयला खनन किया गया था। उनका कहना है कि जमीन के नीचे से कोयला निकालने के कारण जमीन खोखली हो गई थी। इसी वजह से जमीन धंसने की घटना हुई है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। हादसे से नाराज लोगों ने कतरास-सिजुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल सुरक्षित आवास और पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगह पर बसाने की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
विधायक और बीसीसीएल अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो भी मौके पर पहुंचे। विधायक ने भी भू-धंसान के पीछे पूर्व में हुए अवैध कोयला खनन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के कारण जमीन अंदर से खोखली हो गई और इसी वजह से यह भयावह हादसा हुआ। वहीं, बीसीसीएल सिजुआ एरिया के जीएम निर्झर चक्रवर्ती ने बताया कि इलाके में भू-धंसान की घटना हुई है। इसमें चार घर पूरी तरह जमींदोज हुए हैं, जबकि दो अन्य घरों में दरारें आई हैं। कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है और उनका इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : JSSC-CGL मामले में बाबूलाल का बड़ा हमला, बोले- पूर्व DGP की भूमिका की हो निष्पक्ष जांच

