अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राज्यसभा चुनाव में एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत पर झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने खुशी जताते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ एक व्यक्ति की जीत नहीं है, बल्कि झारखंड के विकास, स्थिरता और जनहित की राजनीति में विश्वास रखने वाले जनप्रतिनिधियों की सोच की जीत है। डॉ. वर्मा ने कहा कि राज्य के विधायकों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और ऐसे नेतृत्व को समर्थन दिया, जो राज्य के विकास और प्रगति के लिए लगातार काम करता रहा है। उनके मुताबिक यह फैसला झारखंड की जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं के अनुरूप है।
झारखंड के विकास में रहा है परिमल नाथवानी का योगदान
डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि परिमल नाथवानी लंबे समय से झारखंड के औद्योगिक, सामाजिक और विकासात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने राज्य में निवेश को बढ़ावा देने, उद्योगों के विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि नाथवानी के अनुभव और दूरदर्शी सोच का लाभ आने वाले समय में झारखंड को मिलेगा। राज्य के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को वे पहले भी मजबूती से उठाते रहे हैं और आगे भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है।
राज्यसभा में झारखंड की आवाज और मजबूत होगी
डॉ. वर्मा ने विश्वास जताया कि राज्यसभा में परिमल नाथवानी झारखंड के हितों को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास, नए निवेश, रोजगार के अवसर बढ़ाने और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लिए उनकी सक्रिय भूमिका देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड के सामने आज कई चुनौतियां हैं, जिनके समाधान के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत है। ऐसे में अनुभवी नेतृत्व राज्य के लिए फायदेमंद साबित होगा।
एनडीए समर्थक विधायकों का जताया आभार
डॉ. प्रदीप वर्मा ने राज्यसभा चुनाव में समर्थन देने वाले सभी एनडीए समर्थक विधायकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम जनहित, विकास और सुशासन की विचारधारा पर जनता और जनप्रतिनिधियों के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यही सोच झारखंड को नई दिशा देगी और राज्य विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उनके अनुसार यह जीत सकारात्मक राजनीति और विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाने वाली जीत है, जिसका लाभ राज्य की जनता को मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : शानदार जीत के बाद नाथवानी बोले- झारखंड मेरी कर्मभूमि, यहां की सेवा…

