अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना में बुधवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब STF और कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या श्री के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। गोलीबारी में राजीव के पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया गया है। राजीव पर पहले से ही 24 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं और पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी।
बड़ी वारदात की फिराक में था राजीव
STF को पुख्ता सूचना मिली थी कि राजीव उर्फ सूर्या गायघाट इलाके में छिपा हुआ है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही STF और पटना पुलिस की टीम एक्टिव हो गई। टीम ने इलाके को घेरते हुए राजीव को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन खुद को घिरा देखकर राजीव ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
तीन राउंड फायरिंग, पैर में लगी गोली
सूर्या की फायरिंग के जवाब में STF ने भी मोर्चा संभाला। दोनों तरफ से करीब तीन राउंड गोलियां चलीं। इसी दौरान एक गोली राजीव के पैर में जा लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद STF की टीम ने उसे दबोच लिया। मौके से एक पिस्टल भी बरामद की गई है।
इलाके में दहशत, पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ के बाद गायघाट इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी गई है। आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, हालांकि पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
24 से ज्यादा केस, कई जिलों में रहा सक्रिय
राजीव कुमार उर्फ सूर्या डॉन खाजेकला थाना इलाके का रहने वाला है। उसके खिलाफ लूट, डकैती, अवैध हथियार रखने, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त, धोखाधड़ी और शराब तस्करी जैसे 24 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और हाल के दिनों में फिर से सक्रिय हो गया था।

इस साल का पांचवां एनकाउंटर
नए साल में बिहार पुलिस का यह पांचवां एनकाउंटर है। इससे पहले भी कई बड़े अपराधियों के साथ मुठभेड़ हो चुकी है।
22 जनवरी : शूटर परमानंद यादव से भिड़ंत
22 जनवरी को पटना में शूटर परमानंद यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। STF की टीम ने उसे पटना से मसौढ़ी तक करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया। खुद को घिरा देखकर परमानंद ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी थी। परमानंद यादव को बिहार-झारखंड में गैंग का प्रभारी बताया जाता है। उस पर भी 24 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं।
11 जनवरी : मनेर में नीतीश यादव का हाफ एनकाउंटर
11 जनवरी की रात पटना के मनेर में पुलिस ने कुख्यात नीतीश यादव को मुठभेड़ में घायल किया था। उस पर एक स्वर्ण कारोबारी को लूट के दौरान गोली मारने का आरोप है।
2 जनवरी : मैनेजर राय भी हुआ था जख्मी
2 जनवरी को पटना STF और खगौल पुलिस की मैनेजर राय से मुठभेड़ हुई थी। दोनों ओर से करीब छह राउंड गोलियां चलीं। इस मुठभेड़ में मैनेजर राय के पैर में गोली लगी थी। उसे पटना एम्स में भर्ती कराया गया। मौके से एक कट्टा और दो कारतूस बरामद हुए थे। उस पर हत्या और रंगदारी समेत 20 से ज्यादा केस दर्ज हैं।
लगातार सख्त हो रही पुलिस
लगातार हो रहे एनकाउंटर से साफ है कि बिहार पुलिस अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के मूड में है। पुलिस का कहना है कि जो भी कानून हाथ में लेगा, उसके खिलाफ इसी तरह सख्ती बरती जाएगी।
इसे भी पढ़ें : सात साल तक अस्मत से खेला, फिर रुसवा कर छोड़ गया फौजी, अब SSP से फरियाद

