अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री और स्थानीय विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने चान्हो प्रखंड में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की है। इन योजनाओं से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधा मिल सकेगी।
सोनचीपी आवासीय विद्यालय में छात्रावास और कक्षा भवन का शिलान्यास
मंगलवार को मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कल्याण विभाग के अंतर्गत सोनचीपी स्थित अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय में 50 शैय्या वाले बालक छात्रावास और 6 नए कक्षा भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा डीएमएफटी फंड से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 10 अतिरिक्त कक्षा भवन के निर्माण की भी आधारशिला रखी गई।
अभिभावक और शिक्षकों के साथ विशेष बैठक
इस अवसर पर मंत्री ने विद्यालय में आयोजित अभिभावक शिक्षक विशेष बैठक में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों और अभिभावकों के सुझाव लगातार मिलते रहने चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का पालन पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करें।

कांग्रेस ने देश को दिए बड़े शैक्षणिक संस्थान
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को शिक्षा के क्षेत्र में मजबूत आधार दिया है। नवोदय विद्यालय, आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों की स्थापना कर आधुनिक भारत की नींव रखी गई है, जिससे देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।
छात्रों को लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने की सलाह
मंत्री ने छात्रों से कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य तय करें और सही दिशा में मेहनत करें। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र ऐसा कोई काम न करें जिससे उन्हें या उनके माता पिता को शर्मिंदगी उठानी पड़े।

नई सुविधाओं से शिक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
नए कक्षा भवन और छात्रावास बनने से स्कूलों में छात्रों की संख्या का दबाव कम होगा। इससे पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर होगी। दूरदराज के इलाकों से आने वाले बच्चों को नियमित शिक्षा मिल सकेगी, जिससे उपस्थिति बढ़ेगी और ड्रॉपआउट की समस्या कम होगी।
कार्यक्रम में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद इस्तियाक, अबदुल्लाह, मोहम्मद मुजीबुल्ला, बीडीओ अरुण कुमार, सीओ संजीव कुमार, प्रिंसिपल मनु कुमारी, मुखिया शिव उरांव, इरशाद खान, अजीत कुमार सिंह, मंगलेश्वर उरांव, चरवा उरांव, निधिया उरांव, लतीफ अंसारी सहित कई लोग उपस्थित थे।

इसे भी पढ़ें : मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का बड़ा बयान, कल ग्राम सभा और मनरेगा पर होगा फैसला

