अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Sahebganj (Jaydev Kumar) : साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां बड़े दुर्गापुर पंचायत के तेलों टोक गांव में शनिवार दोपहर एक 60 वर्षीय बुजुर्ग गोइया पहाड़िया की गांववालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, गांव के कुछ लोग बुजुर्ग पर डायन होने का शक जताते हुए उन्हें गांव के चौराहे पर एक पेड़ से बांध दिया। उसके बाद लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पत्नी चांदी पहाड़िन और बेटी सोनाली पहाड़िन ने आरोप लगाया है कि इस जघन्य घटना में गांव के प्रधान के परिवार और अन्य कुछ ग्रामीण शामिल थे। उन्होंने कहा कि उनके पति को गलत आरोप में फंसाकर निर्दयता से मार डाला गया।
स्थानीय लोग इस घटना से सकते में हैं और प्रशासन से न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने घटना के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अंधविश्वास और पुरानी कुप्रथा के चलते यह घटना हुई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोषियों को गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी सजा दिलाने के लिए जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : PLFI ने जारी किया फरमान, इन कंपनियों को खुली धमकी

