अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : चाईबासा के सारंडा जंगल में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जोरदार एकाउंटर हो गया। बताया जा रहा है कि यह भिड़ंत मोस्ट वांटेड नक्सली मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ हुई है। दोनों तरफ से लगातार फायरिंग हुई और खबर लिखे जाने तक रुक-रुक कर गोलीबारी जारी थी।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ आमना-सामना
जानकारी के मुताबिक, इलाके में कई दिनों से नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चल रहा था। बुधवार को सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की टीम जंगल में सर्च के लिए निकली थी। इसी दौरान जंगल में कैंप बदल रहे नक्सलियों से अचानक आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
सुरक्षाबलों ने संभाला मोर्चा
नक्सलियों की फायरिंग के बाद सुरक्षाबलों ने भी तुरंत पोजीशन लेकर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। कुछ देर तक लगातार गोलीबारी होती रही, जिससे पूरा जंगल गूंज उठा। जवानों ने चारों तरफ से इलाके को घेरने की कोशिश की है, ताकि नक्सलियों को भागने का मौका न मिले।
एक जवान घायल, एयरलिफ्ट कर लाया जा रहा रांची
मुठभेड़ के दौरान कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया है। उसे गोली लगी है और बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची लाने की तैयारी की जा रही है। मौके पर मेडिकल टीम भी अलर्ट पर है। इधर, राज अस्पताल में भी मेडिकल टीम तैयार है। जख्मी जवान के पहुंचते ही इलाज तुरंत शुरू कर दिया जायेगा।
कई नक्सलियों के मारे जाने की संभावना
पुलिस सूत्रों का कहना है कि जवाबी फायरिंग में कुछ नक्सलियों को भी नुकसान हुआ है। हालांकि अभी तक किसी का शव बरामद नहीं हुआ है। ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
इलाके में हाई अलर्ट, ऑपरेशन जारी
फिलहाल पूरे सारंडा इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त बल भी भेजे गए हैं और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें : सम्राट चौधरी की हुई ताजपोशी, बिहार को मिला 24वां मुख्यमंत्री



