अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramchi : झारखंड इन दिनों भीषण ठंड और शीतलहर की चपेट में है। सुबह से शाम तक चल रही बर्फीली हवाओं ने लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। ठंड इतनी तेज है कि लंबे समय तक खुले में रहने से स्वास्थ्य खराब होने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
15 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में रांची, पलामू, खूंटी, लातेहार, गढ़वा, कोडरमा, चतरा, दुमका, देवघर, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़ और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। इन क्षेत्रों में दिन भर घना कोहरा और धुंध छाए रहने की आशंका है। कई जगहों पर पिछले दो दिनों से धूप नहीं निकली है।
बेसहारा लोगों के लिए आश्रय गृह बड़ा सहारा
ठंड से बचाव के लिए रांची और जमशेदपुर जैसे शहरों में प्रशासन ने मुफ्त आश्रय गृह खोले हैं। यहां सड़क पर रहने वाले लोगों को रहने की जगह के साथ कंबल, चादर और अलाव की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की इस पहल से अब सड़कों पर ठिठुरते लोग काफी कम दिख रहे हैं।
लोहरदगा सबसे ठंडा, तापमान 4.1 डिग्री
राज्य में सबसे कम तापमान लोहरदगा में दर्ज किया गया, जो 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री के आसपास रह सकता है, जिससे रातें और भी ज्यादा सर्द होंगी।
इसे भी पढ़ें : तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर, 12 साल के बच्चे को कुचला

