अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना में अब खुले में थूकना आसान नहीं रहेगा। शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए पटना नगर निगम ने सख्त कदम उठाए हैं। पान, गुटखा या किसी भी तरह की चीज खाकर सार्वजनिक जगह पर थूकते पकड़े जाने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर निगम की नई व्यवस्था के तहत नियम तोड़ने वालों की तस्वीरें शहर में लगी वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले (VMD) स्क्रीन पर दिखाई जाएंगी। ऐसे लोगों को “नगर शत्रु” की श्रेणी में रखा जाएगा, ताकि आम लोगों में जागरूकता फैले और गंदगी पर रोक लगे।
शहर में लगे लगभग 3300 सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी की जा रही है। ये कैमरे इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से जुड़े हैं। खुले में थूकने और पेशाब करने वालों की पहचान कैमरों के जरिए की जाएगी और निगम की टीम मौके पर ही कार्रवाई करेगी।
पटना जंक्शन को मल्टी मॉडल हब से जोड़ने वाली भूमिगत सब-वे में अब तक करीब 250 लोगों से जुर्माना वसूला जा चुका है। दिसंबर महीने में सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई, जब 156 लोग थूकते हुए पकड़े गए। सब-वे क्षेत्र में थूकने पर 1000 रुपये तक का जुर्माना तय किया गया है।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम का कहना है कि पान-गुटखा थूकने से शहर की सुंदरता बिगड़ रही है और कई इलाकों में गंदगी के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। इन्हें रोकने के लिए यह सख्ती जरूरी थी।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छ पटना बनाने में सहयोग करें। अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाता नजर आए, तो इसकी सूचना टॉल फ्री नंबर 155304 पर दी जा सकती है। निगम का मानना है कि इस पहल से पटना की स्वच्छता रैंकिंग और शहर की छवि दोनों बेहतर होंगी।



