अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Madhepura : एक किसान की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गयी। उसकी डेड बॉडी गांव केपास नहर किनारे से बरामद की गयी।मृतक की शिनाख्त 45 साल के जसवंत कुमार के तौर पर की गयी। वह मधेपुरा के मरलीगंज थाना क्षेत्र के बेलो गांव के खाड़ी वार्ड-14 का रहने वाला था। भोरे-भोर बॉडी मिलने की फैली खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। सूचना पुलिस को दी गयी। मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बॉडी को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार में जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
मृतक किसान की मां ने पुलिस को दिए बयान में जसवंत की पत्नी पुनीता देवी और जसंवत के दामाद अमित कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुनीता एक बीघा जमीन अपने दामाद के नाम करवाना चाहती थी, लेकिन जसवंत इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी को लेकर पिछले एक साल से कोर्ट में मामला चल रहा था। हाल ही में जसवंत ने वह जमीन किसी और को सूद पर दे दी थी, जिससे विवाद और बढ़ गया।
रात में बुलाकर ले गया, सुबह मिला शव
जसवंत के चचेरे भाई रामानंद कुमार ने बताया कि रविवार रात गांव के अंशु कुमार ने खाद लोड करने के बहाने जसवंत को गाड़ी पर बुलाया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटे और सुबह उनका शव नहर किनारे मिला।
तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
जसवंत की तीन बेटियां हैं – नेहा (15), निधि (13) और ब्यूटी (11)। नेहा की शादी मां ने अपनी मर्जी से अमित कुमार से कर दी थी। बाकी दोनों बेटियों की अभी शादी नहीं हुई है। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
पुलिस जांच में जुटी, पत्नी हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी प्रवेंद्र भारती पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मृतक की पत्नी पुनीता देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या की साजिश में शामिल सभी लोगों का खुलासा किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : 11 IAS अधिकारियों को मिली नयी पोस्टिंग… देखें लिस्ट



