अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : प्रकृति पूजा का बड़ा त्योहार सरहुल इस बार रांची में खास व्यवस्था के साथ मनाया जा रहा है। शोभायात्रा में शामिल होने वाले लोगों की भीड़ को देखते हुए रांची नगर निगम ने 21 मार्च को शहर में निःशुल्क नगर बस सेवा चलाने का फैसला किया है। इससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी और उन्हें लौटने में कोई परेशानी नहीं होगी।
10 प्रमुख रूट से चलेगी फ्री बस
नगर निगम ने शहर के अलग-अलग इलाकों को जोड़ते हुए 10 रूट तय किए हैं। इन रूटों से बसें लोगों को सीधे सिरमटोली चौक तक लाएंगी और वापस उनके गंतव्य तक छोड़ेंगी। तय रूट इस प्रकार हैं
- रामपुर बाजार से सिरमटोली चौक
- कांके बोड्या से सिरमटोली चौक
- BIT मेसरा से सिरमटोली चौक
- टुपुदाना से सिरमटोली चौक
- कटहल मोड़ से सिरमटोली चौक
- पंडरा बाजार समिति से सिरमटोली चौक
- धुर्वा गोलचक्कर से सिरमटोली चौक
- जगन्नाथपुर से सिरमटोली चौक
- खेलगांव मोड़ से सिरमटोली चौक
- टाटीसिल्वे से सिरमटोली चौक
इन सभी रूटों पर बसें शोभायात्रा के समय और उसके बाद लगातार चलेंगी ताकि लोगों को इंतजार न करना पड़े।
जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसें भी तैयार
नगर निगम ने सिर्फ तय रूटों पर ही नहीं बल्कि इमरजेंसी के लिए भी तैयारी की है। पांच सिटी बसों को सरकारी बस स्टैंड पर रिजर्व रखा गया है। अगर कहीं भी भीड़ ज्यादा हो जाती है या अचानक जरूरत पड़ती है तो इन बसों को तुरंत उस रूट पर भेजा जाएगा।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता
इस व्यवस्था में खास ध्यान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का रखा गया है। बसों में उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी ताकि उन्हें भीड़ में दिक्कत न हो और वे आराम से सफर कर सकें।
सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मनाएं सरहुल
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे इस फ्री बस सेवा का फायदा उठाएं और अपने निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करें। इससे ट्रैफिक भी कम रहेगा और सभी लोग सुरक्षित तरीके से घर पहुंच सकेंगे।
इसे भी पढ़ें : पूर्व मंत्री योगेंद्र साव कांग्रेस से 3 साल के लिए निष्कासित… जानें क्यों



