अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Giridih : झारखंड के गिरिडीह जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने अपने ही फुफेरे भाई और उसके साथियों पर बंधक बनाकर गैंगरेप करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना 1 अक्टूबर की है, लेकिन दहशत के साए में जी रही पीड़िता करीब पांच दिन बाद परिजनों के साथ धनवार थाना पहुंची और 7 अक्टूबर को आपबीती सुनाई। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर तुरंत सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया है, जबकि उसके बाकी साथियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
बच्ची को स्कूल छोड़ने निकली थी महिला, रास्ते से ले गया आरोपी
पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसका मायका गिरिडीह के एक गांव में है और उसकी ससुराल देवघर जिले में पड़ती है। 1 अक्टूबर की सुबह वह अपनी चार साल की मासूम बेटी को देवघर के एक स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में उसे उसका फुफेरा भाई मिल गया। उसने बातचीत के बहाने महिला को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और सीधे गिरिडीह ले आया। यहां वह महिला को अपनी मीट दुकान के पीछे बने एक कमरे में ले गया, जहां उसने उसके साथ जबरदस्ती की।
नशीला खाना खिलाकर किया गैंगरेप, अगले दिन शाम को आया होश
महिला का आरोप है कि हैवानियत यहीं नहीं रुकी। आरोपी ने उस पर दबाव बनाया कि उसे उसके दोस्तों के साथ भी संबंध बनाने होंगे। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया तो उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई। कुछ ही देर में कमरे पर तीन-चार अन्य युवक भी पहुंच गए। उन लोगों ने पीड़िता को खाने के लिए कुछ दिया, जिसे खाते ही वह बेसुध हो गई। महिला के मुताबिक, जब उसे होश आया तब तक अगले दिन शाम के करीब चार बज चुके थे। इस खौफनाक वारदात से महिला अंदर तक टूट गई थी। किसी तरह हिम्मत जुटाकर उसने परिवार को पूरी बात बताई, जिसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे।
एसपी ने बनाई स्पेशल टीम, फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार ने तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। इस टीम में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार, सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, महिला थाना प्रभारी दीपमाला कुमारी और बेंगाबाद, हीरोडीह व धनवार के थाना प्रभारियों को शामिल किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। खोरीमहुआ एसडीपीओ ने बताया कि मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है और घटना में शामिल अन्य युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
इसे भी पढ़ें : मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिला के पेट में पिस्तौल सटाकर किया कांड, लाल बाइक से भागे बदमाश


