अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में बाढ़ के कारण कई जिलों में हालात बेहद खराब हैं। हजारों परिवार अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित ठिकानों पर रहने को मजबूर हैं। ऐसे कठिन समय में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए जनप्रतिनिधि भी आगे आने लगे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक और सचेतकों ने बड़ा कदम उठाते हुए अपने एक-एक महीने का वेतन सीएम राहत कोष में दान कर दिया।
गुरुवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में एक कार्यक्रम के दौरान बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, सचेतक राणा रणधीर सिंह, सचेतक गायत्री देवी और सचेतक रत्नेश कुशवाहा सीएम सम्राट चौधरी से मिलने पहुंचे। इन सभी नेताओं ने अपने एक महीने के वेतन का चेक मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से सौंपा, ताकि बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों तक राहत सामग्री और जरूरी मदद पहुंचाई जा सके।
चेक लेने के बाद सीएम सम्राट चौधरी ने सभी सचेतकों की इस मानवीय पहल की सराहना की और उनका दिल से आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय राज्य के कई हिस्सों में लोग भारी तबाही झेल रहे हैं। ऐसे संकट के वक्त में जनप्रतिनिधियों का आगे आकर अपनी कमाई साझा करना एक मिसाल है। यह राशि सीधे तौर पर उन जरूरतमंद परिवारों के काम आएगी, जिनका सब कुछ बाढ़ के पानी में बह गया है या जो गंभीर संकट में हैं।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सरकार बाढ़ राहत कार्यों की लगातार निगरानी कर रही है और किसी भी पीड़ित को मदद की कमी नहीं होने दी जाएगी। जनप्रतिनिधियों की इस पहल से समाज के अन्य सक्षम लोगों को भी आपदा के इस दौर में पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : देश के डिजिटल क्रांति का अगुआ बनेगा बिहार, तैयार हो रहा मजबूत IT ढांचा : मंत्री नीतीश


