अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
हरिद्वार। शादीशुदा प्रेमी पर शादी का दबाव बना रही एक तलाकशुदा महिला को बीयर पिलाकर गंगनहर में धक्का देने का मामला सामने आया है। रुड़की गंगनहर कोतवाली पुलिस ने आरोपित प्रेमी को गिरफ्तार कर महिला की सोने की जंजीर बरामद कर ली है। गंगनहर में महिला की तलाश चल रही है।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि एक महिला ने अपनी तलाकशुदा बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने छानबीन की तो महिला का आजादपुर में दुकान चलाने वाले किशनपुर भगवानपुर निवासी अजय सैनी उर्फ बंटी से प्रेम प्रसंग सामने आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो कहानी सामने आई।
पुलिस को आरोपित अजय सैनी ने बताया है कि तलाकशुदा महिला करीब तीन साल से उसके संपर्क में थी। वह खुद भी शादीशुदा है और 4 बच्चों का पिता है। अजय का कहना है कि महिला उसपर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी। इसलिए उसने रास्ते से हटाने के लिए प्लानिंग की और मिलने के बहाने गंगनहर किनारे बुलाया। इसके बाद बीयर पिलाकर धोखे से उसे गंगनहर में धक्का दे दिया। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि प्रेमी ने कुछ दिन पहले महिला को गिफ्ट में सोने की जंजीर दी थी। गंगनहर में धक्का देने से पहले उसने जंजीर भी झपट ली । नहर में महिला की तलाश की जा रही है।

