अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Sahebganj : साहिबगंज की ठंडी रात थी। बड़ा पंचगढ़ में चल रहे रिसेप्शन समारोह में रोशनी, गीत और हंसी का माहौल था। मंच पर दूल्हा-दुल्हन मुस्कुरा रहे थे और डांस फ्लोर पर दोस्त अपनी खुशियां बांट रहे थे। उन दोस्तों में 24 साल का गुलशन रिखियासन भी था। वह अपने यार राहुल पासवान की शादी में दिल खोलकर नाच रहा था। किसी ने सोचा भी नहीं था कि कुछ ही मिनट बाद यह जश्न चीख-चित्कार में बदल जाएगा।
डांस के बीच एक आवाज और सब कुछ खत्म
पेशे से जमीन खरीद-बिक्री का काम करने वाला गुलशन रात करीब दो बजे जब दोस्तों संग नाच रहा था, तभी तेज धमाके की आवाज गूंजी। किसी ने फायरिंग कर दी थी। भीड़ तितर-बितर हो गई। अगले ही पल गुलशन जमीन पर गिरा पड़ा था। उसके चेहरे पर वह मुस्कान नहीं थी, जो कुछ देर पहले तक लोगों का ध्यान खींच रही थी। दोस्तों ने उसे गोद में उठाया और भागते हुए अस्पताल पहुंचे, जैसे अभी भी उम्मीद बची थी। पर सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने साफ कहा… गुलशन अब नहीं रहा।
घर में सबसे छोटा था, अभी नई जिंदगी शुरू ही की थी
छोटा पंचगढ़ में गुलशन के घर पर बिल्कुल सन्नाटा है। उसकी मां बैठने की ताकत खो चुकी है। बार-बार बस यही कह रही हैं, “अभी तो उसकी शादी हुई थी… इतना खुश था।” चार भाइयों में सबसे छोटा था गुलशन। पिता की कुछ साल पहले मौत हो चुकी थी, इसलिए घर की कई जिम्मेदारियां अब उसी पर थीं। उसकी अचानक मौत से परिवार का सहारा छिन गया।
जमीन कारोबार से जुड़े विवाद भी थे
गुलशन जमीन की खरीद-बिक्री का काम करता था। इस काम में उसके साथ कुछ और लोग भी जुड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में उसका कुछ लोगों से विवाद भी हुआ था। यही शक अब पुलिस की जांच को कई दिशाओं में ले जा रहा है।
क्या यह हर्ष फायरिंग का मामला था या किसी ने मौका देखकर गोली चलाई? पुलिस इस सवाल का जवाब तलाश रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू हो चुकी है।
शादी का जश्न शोकसभा में बदला
गुरुवार रात जहां डीजे की धुनें बज रही थीं, वहीं शुक्रवार सुबह वही जगह पुलिस की जांच और उदासी से घिरी रही। जश्न का वह मंच अब सिर्फ एक दुखद हादसे की याद दिला रहा है। लोगों ने कहा, “वह नाच रहा था, बिल्कुल बेफिक्र… किसी को क्या पता था कि उसकी आखिरी रात है।’’
इसे भी पढ़ें : नशे की जड़ पर सीधी चोट, कई भट्ठियां तहस-नहस

