अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही बेटी की टांगी से काटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बेटी के प्रेम संबंध को लेकर पिता काफी नाराज था। रविवार देर रात जब बेटी अपने कमरे में सो रही थी, तभी पिता ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
मोबाइल में फोटो देखने के बाद बढ़ा था गुस्सा
जानकारी के मुताबिक लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी अगस्त कुमार अपनी बेटी अंजली के प्रेम संबंध को लेकर काफी परेशान और नाराज चल रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने बेटी को मोबाइल पर किसी से बात करते देखा था। इसी दौरान मोबाइल में कुछ फोटो भी दिखे थे। इसके बाद घर में कई बार विवाद हुआ था। गांव के लोगों का कहना है कि पिता इस बात को लेकर अंदर ही अंदर गुस्से में था। हालांकि परिवार के लोगों ने कभी नहीं सोचा था कि मामला इतना आगे बढ़ जाएगा।
देर रात कमरे में पहुंचा और कर दिया हमला
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात अंजली खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। घर में उसकी मां और भाई भी मौजूद थे। इसी दौरान देर रात पिता अगस्त कुमार टांगी लेकर बेटी के कमरे में पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। अचानक चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग कमरे की ओर दौड़े, लेकिन तब तक अंजली की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
सुबह होते ही गांव में जुट गई भीड़
घटना की खबर सुबह गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अंजली के घर पहुंच गए। गांव में मातम और डर का माहौल है। लोग इस घटना को लेकर हैरान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि किसी पिता द्वारा अपनी बेटी की इतनी बेरहमी से हत्या कर देना बेहद दुखद और चौंकाने वाली बात है। गांव की महिलाओं ने बताया कि अंजली शांत स्वभाव की लड़की थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस ने टांगी बरामद की
घटना की सूचना मिलने के बाद लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली है। लेस्लीगंज थानेदार उत्तम कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ऑनर किलिंग का लग रहा है। पिता ने बेटी की हत्या की है और घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Instagram पर इश्क, रात का मिलन, मंदिर में शादी और फिर दूल्हा गायब

