अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : प्यार की कोई सीमा नहीं होती इस बात को सच कर दिखाया ऑस्ट्रेलिया की मशहूर पेंटर टेसा बार्थोलोमियो और बिहार के रिसर्च साइंटिस्ट डॉ. केतन पटेल ने। दोनों की लव स्टोरी ऑस्ट्रेलिया में शुरू हुई, पर मंज़िल पटना के दानापुर में मिली, जहां दोनों ने शुक्रवार को हिंदू रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए।
कला से विज्ञान तक की प्रेम कहानी
एडिलेड यूनिवर्सिटी में हाइड्रोजन पर रिसर्च कर रहे केतन और दुनिया भर की आर्ट गैलरियों में अपनी पेंटिंग्स प्रदर्शित कर चुकीं टेसा की मुलाकात एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हुई थी। कला और विज्ञान की यह अनोखी जोड़ी पहले दोस्त बनी, फिर एक-दूसरे को दिल दे बैठी। टेसा भारतीय परंपराओं से इतनी प्रभावित हुईं कि उन्होंने शादी भी यहीं की करने का फैसला किया।
पटना में ऑस्ट्रेलियाई मेहमानों ने मचाई धूम
टेसा का पूरा परिवार पिता जॉन बार्थोलोमियो, मां कैरोलिन, बहन लिनसे और जीजा डैन ऑस्ट्रेलिया से पटना पहुंचा। समधी मिलन का दृश्य देखने लायक था। जॉन, जो कभी काउंटी क्रिकेट लीग के खिलाड़ी रह चुके हैं, ने भारतीय परंपरा निभाते हुए दूल्हे के पिता रंजीत पटेल को माला पहनाकर स्वागत किया।
रिसेप्शन में ऑस्ट्रेलिया से आए मेहमानों ने बॉलीवुड गानों पर जमकर डांस किया। माहौल तब और मजेदार हो गया जब DJ ने “लोग कहते हैं मैं शराबी हूं…” बजाया और विदेशी मेहमानों ने भी ठुमके लगाए।
भारतीय परंपरा की दीवानी दुल्हन
सिंदूरदान के वक्त टेसा बेहद भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा “भारत की संस्कृति, यहां के लोग, उनका प्यार और अपनापन मुझे हमेशा आकर्षित करता रहा है। इसलिए मैंने हिंदू रीति से शादी करने का सपना देखा था, जो आज पूरा हुआ।”
ऑस्ट्रेलिया और बिहार की दो संस्कृतियों को जोड़ने वाली यह शादी अब स्थानीय लोगों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है। प्यार की यह अंतरराष्ट्रीय कहानी सोशल मीडिया पर भी खूब पसंद की जा रही है।

