अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई ने एक ऐसे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसकी जड़ें सीधे विदेश तक जुड़ी हुई हैं। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय की अगुवाई में पुलिस ने LSD ड्रग्स मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए न केवल आरोपियों को रिमांड पर लिया, बल्कि पूछताछ में इंटरनेशनल सप्लाई चेन का खुलासा भी कर दिया।
डीएसपी की रणनीति से खुला राज
दो दिनों की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने जो जानकारी दी, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने खुद पूरे ऑपरेशन की कमान संभाली और हर कड़ी को जोड़ते हुए जांच को आगे बढ़ाया। रिमांड के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि वे LSD जैसे खतरनाक ड्रग्स को विदेश से मंगाकर रांची में सप्लाई करते थे।
नीदरलैंड से डाक के जरिए पहुंच रहा था जहर
जांच में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि यह ड्रग्स सीधे नीदरलैंड से पोस्ट के जरिए भेजा जा रहा था। यानी नशे का यह कारोबार अब लोकल नहीं, बल्कि इंटरनेशनल स्तर पर फैल चुका था। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में कई और लोग जुड़े हो सकते हैं, जो लंबे समय से इस धंधे को चला रहे थे।
हेहल उप डाकघर से बरामद हुई खेप
पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों को लेकर हेहल उप डाकघर पहुंची। यहां सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें एक बार फिर भारी मात्रा में एलएसडी बरामद हुआ। इस बरामदगी ने साफ कर दिया कि ड्रग्स की डिलीवरी का बड़ा जरिया डाक सेवा को बनाया गया था, ताकि शक से बचा जा सके।
लाखों का ड्रग्स जब्त, बढ़ी चिंता
DSP प्रकाश सोय के अनुसार, ताजा बरामद एलएसडी की कीमत करीब 4 लाख रुपये है। इससे पहले भी करीब 8 लाख रुपये का एलएसडी पुलिस जब्त कर चुकी है। यानि अब तक कुल 12 लाख रुपये से ज्यादा का खतरनाक ड्रग्स इस मामले में पकड़ा जा चुका है।
युवाओं को बना रहे थे निशाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क का मुख्य टारगेट शहर के युवा थे। सोशल मीडिया और गुप्त संपर्कों के जरिए इन्हें नशे की लत में धकेला जा रहा था। पुलिस का मानना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो यह नेटवर्क और खतरनाक रूप ले सकता था।
अब पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी
कोतवाली DSP प्रकाश सोय ने संकेत दिया है कि यह सिर्फ शुरुआत है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि रांची के अलावा किन-किन शहरों तक इस नेटवर्क का विस्तार था।
इसे भी पढ़ें : रामनवमी से पहले रांची में फुल अलर्ट, जुलूस मार्ग से मंदिर तक डीसी की नजर



