अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : गर्मी के मौसम में बिजली कटौती आम बात है, और ऐसे में इंवर्टर हमारी सबसे बड़ी जरूरत बन जाता है। लेकिन इन्वर्टर की बैटरी में पानी की मात्रा कम होने से उसकी परफॉर्मेंस और लाइफ पर असर पड़ सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इंवर्टर बैटरी के अंदर सल्फ्यूरिक एसिड और पानी मिलकर एक केमिकल प्रक्रिया चलाते हैं, जिससे बैटरी एनर्जी बनाती है। जब पानी की मात्रा कम होती है, तो एसिड गाढ़ा हो जाता है, जिससे बैटरी की चार्जिंग क्षमता और बैकअप कम हो जाते हैं। इसके अलावा, पानी बैटरी को ठंडा रखने में भी मदद करता है।
बैटरी में कौन-सा पानी डालें?
इन्वर्टर बैटरी में केवल डिस्टिल्ड या डिमिनरलाइज्ड पानी डालना चाहिए। यह पानी बिल्कुल शुद्ध होता है और इसमें साल्ट, मिनरल्स या गंदगी नहीं होती। इसका उपयोग बैटरी के साथ-साथ मेडिकल, लैब्स और कार बैटरियों में भी किया जाता है।
पानी की कमी कैसे पहचानें?
बैटरी में पानी की कमी होने पर उसकी परफॉर्मेंस गिरने लगती है। कुछ संकेत हैं, जैसे बैटरी का जल्दी गर्म होना या चार्जिंग क्षमता का कम होना, जो बताते हैं कि बैटरी में पानी की कमी है।
पानी डालते समय सावधानियां
- पानी का लेवल चेक करें : बैटरी में वाटर लेवल का इंडिकेटर होता है। अगर इंडिकेटर ‘ग्रीन’ पर है, तो पानी सही मात्रा में है। ‘रेड’ पर आने पर तुरंत पानी डालें।
- सर्विसिंग : हर 3-6 महीने में बैटरी की सर्विसिंग कराना फायदेमंद होता है।
- डिस्टिल्ड पानी खरीदें : आप डिस्टिल्ड पानी घर पर बना सकते हैं, लेकिन इसे मार्केट से खरीदना आसान होता है।
पानी डालने की प्रक्रिया
बैटरी के पानी के लेवल दिखाने वाले निशान देखें। अगर पानी का लेवल लाल निशान से नीचे है, तो पहले इन्वर्टर और पावर बंद कर दें। फिर बैटरी के ढक्कन को खोलें और फनल का उपयोग करके डिस्टिल्ड पानी डालें। पानी भरने के बाद ढक्कन को अच्छे से बंद कर दें और बैटरी को साफ कपड़े से पोछ लें।
इन उपायों से आप अपनी इन्वर्टर बैटरी की परफॉर्मेंस को बेहतर बना सकते हैं और उसकी लाइफ को बढ़ा सकते हैं।



