अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर नंबर एल-13 में सोमवार को उस वक्त तहलका मच गया, जब एक ही परिवार के तीन लोगों के शव घर के अंदर बरामद किए गए। घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र प्रसाद सिंह पर अपनी पत्नी, बेटे और बेटी की हत्या का आरोप है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद वह फरार हो गए हैं।
पत्नी, बेटे और गर्भवती बेटी की हत्या का आरोप
मृतकों की पहचान सरिता सिंह (55), सुप्रिया सिंह (31) और रविशेख कुमार (30) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुप्रिया सिंह शादीशुदा थीं और गर्भवती भी थीं। इस वजह से यह घटना और भी ज्यादा दर्दनाक बन गई है। पुलिस को शुरुआती जानकारी में पता चला है कि तीनों की हत्या कुल्हाड़ी से की गई है। हालांकि हत्या कैसे और कब की गई, इसका पूरा सच फॉरेंसिक जांच और पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर दी जानकारी
इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि परिवार के मुखिया रविंद्र प्रसाद सिंह ने कथित तौर पर खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर का मंजर देखकर सन्न रह गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविंद्र प्रसाद सिंह इसी साल फरवरी में टाटा स्टील से रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद से घर में विवाद होने की बातें भी सामने आ रही हैं। हालांकि पड़ोसियों की चर्चाओं को अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं माना जा सकता। पुलिस इसी एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या पारिवारिक तनाव इस खौफनाक वारदात की वजह बना।
पूरे इलाके में दहशत, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
घटना के बाद एग्रिको इलाके में डर और दहशत का माहौल है। पुलिस ने पूरे घर को घेर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपी की तलाश में छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि वारदात अचानक गुस्से में हुई या इसके पीछे कोई पहले से बनाई गई साजिश थी।
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर और गुमला में झामुमो की नई टीम तैयार, विस्तार का मिला टास्क

