अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के मद्देनजर झारखंड पुलिस ने सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत कर दिया है। शनिवार को आईजी अभियान सह स्टेट पुलिस नोडल पदाधिकारी डॉ. माईकलराज एस. की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में हजारीबाग, गढ़वा, चतरा, गिरिडीह, गोड्डा, पलामू, कोडरमा, देवघर, साहेबगंज और दुमका जिलों के पुलिस कप्तान शामिल हुए।
अपराधियों और नक्सलियों पर सख्त निगरानी
आईजी अभियान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों, असामाजिक तत्वों और नक्सलियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार और नकदी के अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट और गश्ती पर जोर
आईजी अभियान ने अंतर्राज्यीय और मिरर चेक पोस्टों की सक्रियता की समीक्षा की और सभी पोस्टों पर चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया। आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित करने के साथ ही बिहार और झारखंड पुलिस के बीच सूचना साझाकरण प्रणाली को और मजबूत बनाने की रणनीति तय की गई।
सक्रिय अपराधियों और गिरोहों पर संयुक्त कार्रवाई
उन्होंने कहा कि बिहार में वांछित अपराधी जो झारखंड में शरण लिए हुए हैं, उनके खिलाफ विशेष कार्रवाई की जाए। सभी एसपी को पुलिस और सुरक्षा बलों के समन्वय से निरंतर सर्च अभियान और गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में बोकारो के जोनल आईजी सुनिल भाष्कर, डीआईजी जंगलवार फेयर स्कूल नेतरहाट और सह-चुनाव कोषांग धनंजय कुमार सिंह सहित सभी सीमावर्ती जिलों के एसपी मौजूद रहे।
आईजी अभियान का संदेश
बैठक के अंत में आईजी अभियान ने स्पष्ट कहा कि झारखंड पुलिस बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हर प्रकार की सुरक्षा चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
इसे भी पढ़ें : नक्सलियों को तीखी चोट, जंगल में छुपा ‘मौ*त का जखीरा’ जब्त

