अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में सर्दी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले 24 घंटों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सूरज की किरणें नहीं दिखीं, जिससे दिन भर कोहरा और ठंड का असर रहा। राजधानी रांची सहित कोल्हान के सभी जिलों में यही हाल देखने को मिला। तेज ठंडी हवाएं चलने से कनकनी और ज्यादा बढ़ गई है, जिससे लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को 15 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, साहिबगंज, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, गुमला और बोकारो शामिल हैं। यहां कोहरे की वजह से दृश्यता कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। राज्य में आज अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
विभिन्न जिलों का तापमान अनुमान :
- रांची : अधिकतम 19°C, न्यूनतम 7°C
- जमशेदपुर : अधिकतम 22°C, न्यूनतम 12°C
- धनबाद : अधिकतम 19°C, न्यूनतम 9°C
- डाल्टनगंज : अधिकतम 18°C, न्यूनतम 7°C
- देवघर : अधिकतम 17°C, न्यूनतम 8°C
- मेदिनीनगर : अधिकतम 17°C, न्यूनतम 8°C
- मैक्लूसकीगंज : अधिकतम 18°C, न्यूनतम 4°C
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ठंडी हवाओं का असर अभी कुछ दिन बना रहेगा। लोगों से अपील है कि गर्म कपड़े पहनें और सुबह-शाम बाहर निकलते समय सावधानी बरतें।
इसे भी पढ़ें : एक फूल, एक माला और जिंदगी का सबक… जानें

