अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में सर्दी अब धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। राजधानी रांची में शाम होते ही लोग मोटे स्वेटर और जैकेट पहनने लगे हैं। टू-व्हीलर चलाने वालों को अब मफलर की भी जरूरत महसूस हो रही है। ठंड का असर ऐसा है कि लोग दिसंबर जैसी सर्दी महसूस कर रहे हैं। कोडरमा, चतरा और जमशेदपुर में भी यही हाल है। कई जगहों पर लोग शाम होते ही लकड़ी इकट्ठा कर अलाव जलाने लगे हैं।
आज आसमान रहेगा साफ, सुबह हल्का कुहासा
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में आज यानी रविवार को मौसम साफ रहेगा। सुबह के समय हल्का कुहासा छाया रह सकता है, जबकि दोपहर में धूप खिली रहेगी। हालांकि, हल्की हवा चलने से सिहरन महसूस होगी। शाम होते ही ठंड बढ़ जाएगी।
कोडरमा के लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने कोडरमा के लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। यहां का न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। चतरा, लातेहार और गढ़वा जिलों में भी तापमान लगभग 11 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। ऐसे में इन जिलों के लोगों को ठंडी हवाओं से बचने के लिए गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
अगले 24 घंटे में 2-3 डिग्री तक और गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में झारखंड के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। फिलहाल न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है, जो घटकर करीब 11 डिग्री तक पहुंच सकता है।
अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रहेगा। दोपहर में कड़ी धूप रहेगी, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।
मुख्य जिलों का तापमान और वायु गुणवत्ता (AQI)
| जिला | अधिकतम / न्यूनतम तापमान (°C) | AQI (वायु गुणवत्ता सूचकांक) |
| रांची | 26 / 13 | 96 |
| जमशेदपुर | 30 / 14 | 119 |
| धनबाद | 29 / 15 | 114 |
| बोकारो | 26 / 13 | 110 |
इसे भी पढ़ें : तेज प्रताप यादव को मिली Y+ सिक्योरिटी, चर्चा तेज

