अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार का शोर आज यानी रविवार शाम पांच बजे थम जाएगा। इसके बाद न तो लाउडस्पीकर बजेंगे, न ही कोई आमसभा या नुक्कड़ बैठक होगी। प्रत्याशी और उनके समर्थक अब केवल घर-घर जाकर या सोशल मीडिया के माध्यम से ही मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे।
कुल 14 उम्मीदवार मैदान में
इस उपचुनाव में कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन और भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन के बीच माना जा रहा है। यह चुनाव दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है और सभी नेता पूरे दमखम के साथ प्रचार में जुटे रहे। यह उपचुनाव झामुमो के पूर्व विधायक स्वर्गीय रामदास सोरेन के निधन के कारण हो रहा है। उन्होंने 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के बाबूलाल सोरेन को लगभग 22 हजार वोटों से हराया था। इस बार भी मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है और मतदाताओं में चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
कड़ी सुरक्षा के बीच होगा मतदान
घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,55,823 मतदाता हैं, जिनमें 1,24,899 पुरुष और 1,30,921 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से 16,178 युवा मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। इसके अलावा 85 वर्ष से अधिक आयु के 636 मतदाता भी मतदान प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे। पूरे क्षेत्र में 368 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 300 सहायक केंद्र हैं। मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।
EVM और VVPAT मशीनें केंद्रों पर पहुंची
प्रशासन ने मतदान को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर CCTV कैमरे, वेबकास्टिंग और पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। EVM और VVPAT मशीनें मतदान केंद्रों पर पहुंचा दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी होगी।
मतदाताओं के लिए जरूरी निर्देश
चुनाव आयोग ने मतदाताओं से मतदान के दिन पहचान पत्र साथ लाने की अपील की है। वोटर आईडी के अलावा 12 वैकल्पिक पहचान पत्र भी मान्य होंगे, जिनमें पैन कार्ड, पासपोर्ट, पेंशन दस्तावेज, आयुष्मान भारत कार्ड, सरकारी सेवा पहचान पत्र, बैंक/डाकघर पासबुक, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय कार्ड और आरजीआई स्मार्ट कार्ड शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : एक दिन में 4-5 डिग्री गिरा झारखंड का पारा, बढ़ी ठंड

