अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के अनगड़ा थाना इलाके में अपराधियों ने खुलेआम शराब की एक दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बदमाशों ने एक-दो नहीं बल्कि कुल पांच राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई इस फायरिंग से इलाके में तहलका मच गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल जरूर बन गया है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
बताया जा रहा है कि फायरिंग की यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी बेखौफ होकर दुकान की ओर गोली चला रहे हैं। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों की मूवमेंट का पूरा पता लगाया जा सके।
नोट : नीचे दिए गए वीडियो में अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया।
देव सिंह मुंडा और दो साथी बताए जा रहे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, इस घटना को देव सिंह मुंडा और उसके दो साथियों ने अंजाम दिया है। तीनों की पहचान कर ली गई है। फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
क्या बोले थानेदार
अनगड़ा थानेदार गौतम कुमार रजवार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्य आरोपी की पहचान हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस की गश्त तेज कर दी गई है।
लोगों में डर, पुलिस की अपील
घटना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना से वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी को आरोपियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।
इसे भी पढ़ें : रंगों से पहले भरोसे की पहरेदारी : होली पर चौकन्ना दिखी पुलिस



