अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Mirzapur : यूपी के मिर्जापुर में शनिवार सुबह एक वकील की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सुबह करीब 7:15 बजे की बताई जा रही है, जब वकील राजीव सिंह (45) मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। हमलावर बाइक से आए, रास्ते में उन्हें रोका और सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वकील खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारुपुर की है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बाइक से आए थे दो हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक पर दो युवक सवार थे। बाइक रोककर पीछे बैठा युवक उतरता है और वकील को सामने से रोक लेता है। इसके बाद उसने बेहद करीब से गोली मार दी। गोली चलते ही वकील वहीं गिर गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से भागने लगे।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
इस हत्या की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो हमलावर बाइक से आते हैं। पीछे बैठा युवक हाथ में तमंचा लेकर उतरता है और वकील पर गोली चला देता है। गोली मारने के बाद आरोपी भागने की कोशिश करता है, लेकिन उस वक्त बाइक स्टार्ट नहीं होती। इसी दौरान आसपास मौजूद लोग उन्हें पकड़ने के लिए दौड़ते हैं।
लोगों ने दौड़कर पकड़ने की कोशिश की, आरोपी ने तान दिया तमंचा
जब स्थानीय लोग हमलावरों की तरफ बढ़े तो आरोपी ने तमंचा तानकर उन्हें डराया और पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। कुछ सेकेंड बाद बाइक स्टार्ट हो गई और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे अन्य कैमरों की भी जांच की जा रही है।
CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : चार रोज तक पापा का इंतजार करते रहे दो मासूम, फिर आई मनहूस खबर… जानें क्या



