अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग जिले में एक बार फिर ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस बार मामला कोयला ट्रांसपोर्टिंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि कुख्यात अमन साहू गैंग के नाम पर ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों को फोन और मैसेज के जरिए डराने की कोशिश की गई है। इस पूरे मामले में राहुल दुबे का नाम उछलकर सामने आया है। धमकी भरे मैसेज सामने आने के बाद इलाके में ट्रांसपोर्टरों के बीच दहशत का माहौल है। कई कारोबारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से उनका कामकाज प्रभावित होता है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ जाती है। वहीं धमकी से जुड़ा मैसेज अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल हुए इस मैसेज में कितना दम है, इसका आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।
कोयला ट्रांसपोर्टिंग करने वालों को भेजा गया मैसेज
वायरल हो रहे मैसेज के अनुसार बड़कागांव से बानादाग और चट्टी बरियातू से बचरा साइडिंग तक कोयला ट्रांसपोर्टिंग का काम करने वाले कुछ ट्रांसपोर्टरों को निशाना बनाया गया है। मैसेज भेजने वाले ने खुद को राहुल दुबे गैंग का सदस्य बताते हुए अपना नाम प्रकाश शुक्ला लिखा है। मैसेज में ट्रांसपोर्टरों को साफ तौर पर कहा गया है कि अगर उन्हें इस इलाके में काम करना है तो गैंग से संपर्क बनाकर चलना होगा।
गैंग से संबंध बनाने की दी चेतावनी
धमकी भरे संदेश में लिखा गया है कि ट्रांसपोर्टरों का काम चलता रहे, यही गैंग के लोग भी चाहते हैं। लेकिन इसके लिए उन्हें गैंग से संबंध बनाकर चलना होगा। मैसेज में यह भी कहा गया है कि अगर बात नहीं मानी गई तो वे लोग “अच्छे से समझाना भी जानते हैं।” संदेश भेजने वाले ने दावा किया है कि हजारीबाग और सिमरिया इलाके में ट्रांसपोर्टरों के काम और उनके घर की पूरी जानकारी उनके पास है।
फोन नहीं उठाने पर घर तक आने की धमकी
एक अन्य मैसेज में छोटू सिंह नाम के व्यक्ति को सीधे तौर पर धमकी दी गई है। उसमें लिखा गया है कि फोन नहीं उठाकर वह क्या साबित करना चाहता है। मैसेज में चेतावनी दी गई है कि अगर अगले दिन दोपहर 12 बजे तक कॉल नहीं उठाया गया तो सिमरिया स्थित उसके घर तक पहुंच जाएंगे। संदेश में यह भी लिखा गया है कि जिसके भरोसे वह उछल रहा है, उसे भी गोली का मतलब पता है। इस मैसेज में ट्रांसपोर्टिंग काम से जुड़े मुन्ना सिंह और छोटू सिंह का नाम भी लिया गया है।
ट्रांसपोर्टरों में खौफ, सुरक्षा को लेकर चिंता
लगातार सामने आ रही ऐसी धमकियों से ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ गई है। कई ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि इस तरह के मैसेज आने से परिवार भी डरे हुए हैं। उनका कहना है कि अगर इस तरह रंगदारी और धमकी का सिलसिला चलता रहा तो इलाके में कोयला ट्रांसपोर्टिंग का काम प्रभावित हो सकता है। वहीं लोग प्रशासन से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : कुख्यात प्रिंस खान के निशाने पर बोकारो के ये नामी व्यवसायी, मांगी रंगदारी



