अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bokaro : सब्जी के आड़ में चल रही अवैध शराब की फैक्ट्री का बोकारो पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पिंडरा जोरा थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर कमलडीह स्थित डब्लू साव के घर छापेमारी कर नकली विदेशी शराब बनाने का मामला उजागर किया। बोकारो पुलिस कप्तान हरविंदर सिंह को मिली गुप्त जानकारी के बाद यह कार्रवाई की गई। चास SDPO पी के सिंह की देखरेख में पुलिस ने फैक्ट्री में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस को नकली विदेशी शराब बनाने की मशीनें, बोतल कैप सीलिंग मशीन, पाउच सिलर मशीन, चार जारकिन केमिकल, दो पेटी खाली बोतलें, लगभग 50 कार्टून, प्लास्टिक ड्रम, रंग के डब्बे, और कई नामी ब्रांडों के स्टिकर व रैपर बरामद हुए।
ये लोग हुए गिरफ्तार
पुलिस ने डब्लू साव सहित छह आरोपियों को नामजद किया है। आरोपियों में अंकित सिंह, श्याम कुमार सिंह, अविनाश कुमार सिंह उर्फ़ बिड्ड, राहुल मंडल और कुश कुमार शामिल हैं। सभी चास थाना क्षेत्र के निवासी हैं। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सब्जी के नीचे छुपा कर बिहार भेजी जाती थी शराब
पुलिस ने बताया कि बोकारो में तैयार की गई यह अवैध शराब बिहार के कई जिलों में सप्लाई की जा रही थी। शराब की खेप भेजते समय इसे गाड़ियों में ऊपर से सब्जी लादकर नीचे छिपाकर भेजा जाता था। SDPO ने बताया कि यह फैक्ट्री लंबे समय से चल रही थी। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर कई आरोपियों को चिन्हित किया। जप्त सामग्री की विधिवत सूची तैयार कर सभी सामान जब्त कर लिया गया है। बोकारो पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी, और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : अमन साहू गैंग का नया BOSS बना कुख्यात राहुल दुबे, पोस्ट वायरल

