अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बीआर चोपड़ा की प्रसिद्ध टीवी सीरीज़ ‘महाभारत’ में कर्ण की भूमिका निभाकर हर घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता पंकज धीर का बुधवार (15 अक्तूबर) को निधन हो गया। वे 11:30 बजे इस दुनिया को अलविदा कह गए। उनके निधन की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक वह कैंसर से जूझ रहे थे। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले में किया जाएगा। इस खबर ने इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
‘अर्जुन’ बने दोस्त फिरोज खान ने की पुष्टि
‘महाभारत’ में अर्जुन का किरदार निभाने वाले अभिनेता फिरोज खान ने अमर उजाला से बात करते हुए कहा कि “हां, यह सच है कि पंकज अब हमारे बीच नहीं रहे। मैंने एक बेहद अच्छे दोस्त को खो दिया है। वह न केवल शानदार कलाकार थे बल्कि एक बेहतरीन इंसान भी थे। मैं अभी भी सदमे में हूं।”

कैंसर से हारी ज़िंदगी की जंग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पंकज धीर कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। पहले उन्होंने इस बीमारी को मात दी थी, लेकिन कुछ समय बाद कैंसर दोबारा लौट आया। पिछले कई महीनों से वह उपचार के दौर से गुजर रहे थे।
‘कर्ण’ बनने की दिलचस्प कहानी
एक इंटरव्यू में पंकज धीर ने बताया था कि शुरुआत में उन्हें अर्जुन के किरदार के लिए चुना गया था। लेखकों और पैनल ने उन्हें इस रोल के लिए “परफेक्ट” बताया था और उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट पर साइन भी कर दिया था। लेकिन जब बी.आर. चोपड़ा ने बताया कि अर्जुन को बृहन्नला (नपुंसक अवतार) का रूप भी निभाना होगा और इसके लिए मूंछें मुंडवानी होंगी, तो पंकज ने मना कर दिया। उन्होंने कहा कि बिना मूंछों के उनका चेहरा बदल जाएगा। चोपड़ा साहब नाराज हुए और बोले… “क्या आप वाकई एक्टर हैं? इतनी बड़ी भूमिका सिर्फ मूंछ के कारण छोड़ रहे हैं?” इसके बाद उन्हें कर्ण का किरदार दिया गया — और यही रोल उनकी पहचान बन गया।
इसे भी पढ़ें : “समथिंग पावरफुल इज कमिंग”… Apple के पोस्ट ने टेक वर्ल्ड में मचाई हलचल

