अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bahraich (UP) : बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव क्षेत्र के ट्रांस गेरुआ इलाके में बुधवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। कौड़ियाला नदी में 26 ग्रामीणों से भरी नाव अचानक तेज बहाव में पलट गई। इस हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
खरीदारी कर लौट रहे थे ग्रामीण, हादसे ने बदल दी जिंदगी
भरथापुर गांव के ग्रामीण रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लखीमपुर खीरी जनपद के खैरटिया बाजार जाते हैं। बुधवार को भी 26 ग्रामीण खरीदारी कर नाव से गांव लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे अचानक नदी में तेज बहाव आ गया और नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। कुछ ही पलों में नदी ने नाव को अपनी लहरों में समा लिया।
चार लोग तैरकर निकले बाहर, बाकी का पता नहीं
हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। 26 सवारों में से चार लोगों—लक्ष्मी नारायण, रानी देवी, ज्योति और हरिमोहन—ने तैरकर अपनी जान बचाई। बाकी 22 लोग, जिनमें नाविक मिहींलाल भी शामिल हैं, अभी तक लापता हैं। स्थानीय ग्रामीण रातभर अपनी कोशिशों से खोज में जुटे हैं।
घाघरा बैराज के गेट खोले जाने से बढ़ा नदी का बहाव
ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज के गेट खोले गए थे, जिससे नदी का जलस्तर और बहाव दोनों बढ़ गए हैं। यही हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।
प्रशासन की टीम मौके पर रवाना, रेस्क्यू जारी
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम मिहींपुरवा रामदयाल, तहसीलदार और थानाध्यक्ष सुजौली प्रकाश चंद्र शर्मा राहत टीम के साथ मौके के लिए रवाना हो गए हैं। अंधेरा और तेज धारा के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को भी अलर्ट पर रखा है।
इसे भी पढ़ें : जंगल से लौटते कदम… 21 खूंखार हो गये नतमस्तक



