अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dhanbad : धनबाद पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के रंगदारी नेटवर्क पर बड़ा वार किया है। जिले की पुलिस ने प्रिंस खान के खासमखास गुर्गा किशन खान उर्फ तसलीम खान को गिरफ्तार किया है। किशन खान को धनबाद पुलिस ने रांची से दबोचा है। वह लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस उसे काफी अरसे से खोज रही थी। किशन खान धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह का रहने वाला है।
रांची से धराया किशन खान
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई थी। सूचना मिली थी कि किशन खान रांची में पनाह लिए हुए है। इसके बाद पुलिस टीम ने रांची में छापेमारी की और उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को धनबाद लाकर बरवाअड्डा थाना में रखा गया। पुलिस का कहना है कि वह लगातार ठिकाना बदल रहा था, जिससे उसे पकड़ना आसान नहीं था।
पूछताछ में किया चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में किशन खान ने दोनों मामलों में अपनी भूमिका स्वीकार की है। उसने यह भी बताया कि वह कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के लिए काम करता था। जानकारी के अनुसार, वह व्यवसायियों के मोबाइल नंबर गिरोह तक पहुंचाता था। इसके बाद गिरोह के सदस्य उन नंबरों पर कॉल कर रंगदारी की मांग करते थे। पुलिस मान रही है कि वह गिरोह का एक अहम सदस्य था।
रंगदारी की रकम से जमीन और कारोबार
जांच में सामने आया है कि आरोपी अपराधियों को ठहरने की जगह देता था और जरूरत पड़ने पर पैसों से मदद भी करता था। रंगदारी से जो पैसे जुटाए जाते थे, उन्हें जमीन खरीदने और अन्य व्यवसायों में लगाया जाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। इस फोन से गिरोह के नेटवर्क और अन्य सदस्यों की जानकारी मिलने की उम्मीद है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
किशन खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। उसकी निशानदेही पर कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है। सिटी एसपी ने कहा कि जिले में संगठित अपराध और रंगदारी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
किशन खान का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके खिलाफ बरवाअड्डा थाना में कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। 2025 और 2026 के मामलों में वह फरार चल रहा था। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इसे भी पढ़ें : हौसला टूटा तो हथियारों की दुनिया में उतर गया एक मजदूर… जानें



