अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के कुजू ओपी क्षेत्र के सांडी भरेचनगर आदर्श कॉलोनी में मंगलवार रात को खौफनाक घटना हुई। बाइक सवार कुछ अपराधियों ने कोयला कारोबारी रवि शर्मा के घर के गेट पर गोली चलाकर इलाके में दहशत फैला दी। फायरिंग के बाद अपराधियों ने एक पर्चा भी छोड़ दिया, जिसमें रंगदारी के लिए मोटी रकम देने की धमकी दी गई थी।
रात करीब 10 बजे अचानक फायरिंग
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना रात करीब 10 बजे हुई। अज्ञात अपराधी बाइक पर सवार थे और सीधे रवि शर्मा के घर पहुंचे। उन्होंने मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए दो राउंड फायर किए और फिर मौके से भाग गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग डर के मारे घरों में छिप गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
रंगदारी का पर्चा छोड़कर फरार हुए अपराधी
घटना स्थल से पुलिस को एक पर्चा भी मिला। पर्चे में राहुल दुबे के नाम का जिक्र करते हुए धमकी दी गई कि अगर तय रकम नहीं दी गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पुलिस के अनुसार, यह साफ इशारा है कि अपराधियों ने पहले से रंगदारी की योजना बना रखी थी।

पुलिस ने तुरंत किया जांच शुरू
सूचना मिलते ही कुजू ओपी की टीम मौके पर पहुंची। पुअनि ओंकार पाल और मनीष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से गोली के खोखे बरामद किए और पर्चा अपने कब्जे में ले लिया। रवि शर्मा और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रवि शर्मा से पहले भी रंगदारी की मांग की खबरें आ चुकी हैं। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से देख रही है।
सुरक्षा बढ़ाई गई, जल्द गिरफ्तारी का दावा
कुजू ओपी पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : हाजत में मौ’त मामला : SSP एक्शन मोड में, थानेदार समेत सात पर गिरी गाज



