अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 127वां संस्करण रविवार को झारखंड की राजधानी रांची और राज्य के सभी जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर सुना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची बड़े तालाब के छठ घाट पर इस कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना और उसकी जमकर सराहना की।
कार्यकर्ताओं ने भी लिया हिस्सा
कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने इस कार्यक्रम को घाटशिला में सुना। मरांडी ने कहा कि ‘मन की बात’ एक गैर-राजनीतिक संबोधन है, जिसमें भारत की संस्कृति, प्रकृति, राष्ट्रभक्ति और प्रगति की बातें समाहित रहती हैं।
जानकारी और प्रेरणा से भरपूर कार्यक्रम
मरांडी ने बताया कि हर महीने पीएम मोदी का यह कार्यक्रम देश और दुनिया में हो रहे बदलावों, भारत की सांस्कृतिक विरासतों और युवा वर्ग की नई खोजों से जनता को परिचित कराता है। उन्होंने कहा कि आज का एपिसोड भी पूरी जानकारी और प्रेरणा से भरा हुआ था।
महापुरुषों की जयंती और राष्ट्रगीत का महत्व
इस एपिसोड में सरदार बल्लभ भाई पटेल और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती (जिसे जनजाति गौरव दिवस घोषित किया गया है) का जिक्र किया गया। मरांडी ने कहा कि इससे देश की नई पीढ़ी अपने महापुरुषों के जीवन और उनके योगदान से जुड़ती है। साथ ही राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की रचना और आजादी के आंदोलन में उसके योगदान पर भी चर्चा हुई, जो युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाएगा।
आदित्य साहू ने बताया इसका संदेश
झारखंड भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ केवल एक संबोधन नहीं, बल्कि देश की 140 करोड़ जनता के लिए मंत्र है। यह कार्यक्रम प्रत्येक नागरिक को भारत और भारतीयता से जोड़ता है।

इसे भी पढ़ें : अचानक स्टेज टूटा और बाहुबली ‘छोटे सरकार’ धड़ाम… देखें वीडियो

