अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में मॉनसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। गुरुवार सुबह से ही राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकांश इलाकों में बादल छाए हुए हैं। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में लगातार बारिश की चेतावनी दी है।
राज्य में फिलहाल बंगाल की खाड़ी से उठा लो-प्रेशर सिस्टम सक्रिय है, जिससे पूरे बिहार में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। वैज्ञानिकों के अनुसार, इस सिस्टम की वजह से वातावरण में नमी बढ़ गई है और इसका असर बारिश के रूप में देखने को मिल रहा है। अनुमान है कि 20 सितंबर तक प्रदेश में रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। उत्तर बिहार के जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो सीवान, नालंदा, रक्सौल, बेतिया, समस्तीपुर, शिवहर और गोपालगंज में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि पटना में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश सीमित रही। बावजूद इसके लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली।
बारिश के इस दौर का असर तापमान पर भी पड़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24-25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
हालांकि इस बार मानसून की शुरुआत धीमी रही, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई। सितंबर के मध्य तक बिहार में औसतन 906 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक सिर्फ 650 मिमी ही दर्ज की गई है। यानी करीब 28% कम बारिश हुई है। इसका सीधा असर धान की रोपनी और खरीफ फसलों पर पड़ा है।
राजधानी पटना और इसके आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश हो सकती है। मौसम सुहावना बना रहेगा, लेकिन कुछ इलाकों में तेज बारिश के चलते लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
इस बीच, मौसम विभाग लगातार अपडेट जारी कर रहा है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे मौसम को लेकर सतर्क रहें, खासकर निचले इलाकों में जलजमाव और सड़कों की स्थिति को लेकर।



