अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भाजपा की तैयारियां पूरी जोरों पर हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को रोहतास और बेगूसराय के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे 20 जिलों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलकर चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
सुबह 11 बजे अमित शाह हेलिकॉप्टर से डालमियानगर खेल मैदान पर उतरेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से डेहरी स्थित ललन सिंह स्पोर्टिंग क्लब जाएंगे, जहां करीब 3000 एनडीए कार्यकर्ता उनसे मिलने पहुंचेंगे। दोपहर करीब 3 बजे वे बेगूसराय के लिए रवाना होंगे। वहां पहले एफसीआई मैदान में सत्संग और प्रवचन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और फिर रिफाइनरी टाउनशिप स्टेडियम में बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
बैठक में पटना ग्रामीण, पटना महानगर, बाढ़, नालंदा, शेखपुरा, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, खगड़िया और बेगूसराय के सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। अमित शाह शाहाबाद-मगध के कार्यकर्ताओं से भी संवाद करेंगे, जिसमें रोहतास, कैमूर, आरा, बक्सर, गया, नवादा, जहानाबाद, अरवल और औरंगाबाद के नेता मौजूद रहेंगे।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा के अनुसार, इस बैठक में 2025 विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि एनडीए 225 सीटों पर जीत हासिल कर सके। शाहाबाद में पिछली लोकसभा चुनाव में हार के बाद भाजपा इस बार यहां विशेष रूप से फोकस कर रही है।
अमित शाह के दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गये है। तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था होगी जिसमें स्पेशल कमांडो, बिहार मिलिट्री पुलिस और स्थानीय पुलिस बल शामिल रहेंगे। कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल बनाया जाएगा, जिसमें 3000 कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था और 15 कूलर लगेंगे। डालमियानगर खेल मैदान में हेलीपैड बनाया गया है, जबकि मौसम खराब होने पर गोपाल नारायण सिंह महाविद्यालय के हेलीपैड का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
अमित शाह के इस दौरे से पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ने की उम्मीद है और भाजपा चुनावी मोर्चे पर मजबूती से सामने आएगी।

