अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Mumbai : महिला प्रीमियर लीग यानी WPL के अगले सीजन (2027) से पहले मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलिया के ल्यूक विलियम्स को अपनी विमेंस टीम का नया हेड कोच बना दिया है। विलियम्स अब लिसा केटली की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि ल्यूक का लंबा अनुभव टीम को एक बार फिर चैंपियन बनाने में काम आएगा।
नीता अंबानी ने किया स्वागत, जताई नए रिकॉर्ड की उम्मीद
टीम की मालकिन नीता एम. अंबानी ने ल्यूक विलियम्स का मुंबई इंडियंस परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि ल्यूक एक मंझे हुए कोच हैं और जीतना उनकी आदत में शुमार है। उनके पास महिला क्रिकेट का लंबा अनुभव है और वे युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का हुनर बखूबी जानते हैं।
नीता अंबानी ने आगे कहा कि मुंबई इंडियंस की खिलाड़ियों ने पिछले टूर्नामेंट्स में कमाल का खेल दिखाया है। उन्हें पूरा भरोसा है कि ल्यूक के मार्गदर्शन और कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में टीम आगे भी नए मुकाम हासिल करेगी और देश की युवा बेटियों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करेगी।
दुनिया भर की लीग्स में मनवा चुके हैं लोहा
ल्यूक विलियम्स का कोचिंग करियर काफी शानदार रहा है। वे दुनिया भर की प्रमुख टी-20 लीग्स में चैंपियन टीमों के साथ जुड़े रहे हैं। विलियम्स ऑस्ट्रेलिया की ‘विमेन्स बिग बैश लीग’ (WBBL) और इंग्लैंड की मशहूर ‘द हंड्रेड’ प्रतियोगिता में खिताब जीतने वाली टीमों के मुख्य रणनीतिकार रह चुके हैं। इसके अलावा भारत में WPL की खिताबी जीत में भी वे अहम भूमिका निभा चुके हैं। इतना ही नहीं, वे साल 2025 से इंग्लैंड की महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के असिस्टेंट कोच की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
चार सीजन में दो बार चैंपियन रह चुकी है मुंबई
मुंबई इंडियंस WPL के इतिहास की सबसे कामयाब टीमों में से एक है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम ने अब तक खेले गए चार में से दो सीजन अपने नाम किए हैं। मुंबई ने साल 2023 के पहले ही सीजन में ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा था, वहीं इसके बाद 2025 में भी टीम चैंपियन बनी थी। अब नए हेड कोच ल्यूक विलियम्स के साथ मुंबई इंडियंस की नजरें 2027 में तीसरी बार ट्रॉफी उठाने पर टिकी होंगी।
इसे भी पढ़ें : मिस्ड कॉल के कोडवर्ड से 5G की उड़ान तक… जियो ने हर हिंदुस्तानी को बना दिया डिजिटल राजा


