अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। झमाझम बारिश के चलते जिले के पतरातू डैम और भैरवा जलाशय समेत तमाम नदियों, नालों और जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से चढ़ने लगा है। बहाव इतना तेज है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम लोगों और यहां घूमने आने वाले सैलानियों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने साफ कहा है कि जब तक मौसम सामान्य नहीं होता, तब तक लोग किसी भी जलस्रोत के नजदीक बिल्कुल न जाएं।

देखने में शांत पानी भी हो सकता है जानलेवा
अक्सर देखा जाता है कि बारिश के मौसम में लोग पतरातू डैम और भैरवा जलाशय की खूबसूरती देखने पहुंच जाते हैं और किनारों पर खड़े होकर फोटो या सेल्फी लेने लगते हैं। प्रशासन ने आगाह किया है कि ऊपर से पानी भले ही शांत या कम दिखे, लेकिन तेज बारिश के चलते जलप्रवाह अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में की गई जरा सी भी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है। इसलिए स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों से भी अपील की गई है कि वे गहरे तालाबों, नदियों और पानी भरे इलाकों से पूरी तरह दूरी बनाकर रखें।
बच्चों पर खास नजर रखें अभिभावक, अधिकारियों को गश्त के निर्देश
प्रशासन ने परिवार के बड़ों और अभिभावकों को भी चेताया है कि वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई न बरतें। बच्चों को किसी भी हाल में नदी, नाले या तालाब की तरफ अकेले न जाने दें। इधर, मैदानी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने इलाके के थाना प्रभारियों से तालमेल बिठाने को कहा गया है। संवेदनशील और जलभराव वाले रास्तों पर लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोग गलती से भी खतरे वाले इलाकों में न पहुंच सकें।
इसे भी पढ़ें : नहीं रहीं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी, दर्दनाक सड़क हादसे में गई जान


