अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब जिन पात्र लोगों के पास अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है, उनके लिए हर प्रखंड में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इससे पात्र परिवारों को घर के पास ही राशन कार्ड बनवाने की सुविधा मिलेगी और उन्हें दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने से छुटकारा मिलेगा।
यह घोषणा खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार पाल ने की। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सभी जिलों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि एक भी पात्र व्यक्ति राशन कार्ड से वंचित न रहे। कैंप में देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तुरंत राशन कार्ड बनाकर देना होगा।
खराब अनाज देने वालों पर सख्त कार्रवाई
प्रधान सचिव ने साफ कहा कि राशन की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होगा। अगर कहीं खराब अनाज देने की शिकायत आई तो जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी। पीडीएस दुकानों और गोदामों की नियमित जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
मंत्री लेशी सिंह ने फिर संभाला विभाग
खाद्य मंत्री लेशी सिंह ने एक बार फिर विभाग की कमान संभाल ली है। उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है कि हर लाभार्थी को समय पर, पूरी मात्रा में और अच्छी क्वालिटी का अनाज मिले। उन्होंने भी विशेष अभियान चलाकर राशन कार्ड से वंचित परिवारों को जल्द से जल्द जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
लाखों लोगों को होगा फायदा
बिहार में अभी भी लाखों पात्र परिवार ऐसे हैं जिनके पास राशन कार्ड नहीं है। प्रखंड स्तर पर कैंप लगने से ये परिवार आसानी से राशन कार्ड बनवा सकेंगे और सस्ते अनाज का लाभ ले सकेंगे। सरकार का लक्ष्य स्पष्ट है – राज्य में किसी को भी भूखा नहीं सोने देना और हर पात्र परिवार तक सस्ता राशन पहुंचाना।
इसे भी पढ़ें : भोरे-भोर धुआं-धुआं हो गया हजारीबाग का ये इलाका



