अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : गांधी मैदान गुरुवार को एक बार फिर इतिहास रचने जा रहा है। नीतीश कुमार दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं, और इसी वजह से पूरे शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। गांधी मैदान के चारों ओर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के कारण SPG ने पूरे इलाके की कमान अपने हाथों में ले ली है।
शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी और एनडीए के सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस समेत एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। वैज्ञानिकों, पद्म सम्मान प्राप्त हस्तियों और देश की कई जानी-मानी शख्सियतों को भी विशेष आमंत्रण भेजा गया है।
एनडीए इस समारोह को अपनी ताकत दिखाने के बड़े मंच के रूप में देख रहा है। माना जा रहा है कि तीन लाख से ज्यादा लोग गांधी मैदान पहुंचेंगे। हर विधायक को अपने क्षेत्र से हजारों समर्थकों को लेकर आने की जिम्मेदारी दी गई है।
गांधी मैदान में दो बड़े मंच तैयार किए गए हैं। मुख्य मंच पर मुख्यमंत्री के साथ प्रधानमंत्री और शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। दूसरे मंच पर विशेष अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। चारों ओर बैरिकेडिंग, मेटल डिटेक्टर और कड़े सुरक्षा घेरों के बीच प्रवेश की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन काफी सतर्क है। पूरे क्षेत्र में 128 CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें खराब कैमरों की मरम्मत भी कर दी गई है। ड्रोन से भीड़ पर नज़र रखी जा रही है और आसपास की ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात किए गए हैं।
समारोह के बाद राजभवन में प्रधानमंत्री के सम्मान में विशेष रात्रिभोज रखा गया है, जिसमें पारंपरिक बिहारी व्यंजन परोसे जाएंगे लिट्टी-चोखा से लेकर सिलाव का मशहूर खाजा तक। करीब 150 विशिष्ट अतिथि इस दावत में शामिल होंगे।
बाहरी मेहमानों के लिए शहर के प्रतिष्ठित होटलों ताज, मौर्या, चाणक्या आदि में सैकड़ों कमरे पहले से बुक कर लिए गए हैं। VVIP मेहमानों के लिए गांधी मैदान का गेट नंबर 1 विशेष तौर पर आरक्षित किया गया है, जबकि आम लोगों को बाकी गेटों से प्रवेश मिलेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद भी तैयारियों का निरीक्षण कर चुके हैं और अधिकारियों को अंतिम निर्देश दे चुके हैं। अब सिर्फ उस क्षण का इंतज़ार है, जब ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह शुरू होगा।
Also Read : बिहार के 75 लाख किसान आज होंगे गदगद… जाने क्यों
Also Read : राशिफल @ 19 नवंबर 2025… आज क्या कहता है आपका भाग्य… जानें

