अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bhagalpur : भागलपुर के कहलगांव प्रखंड के मुक्तापुर स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय मैदान में सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे और अपने संबोधन में लालू प्रसाद यादव व राबड़ी देवी पर परोक्ष रूप से निशाना साधा।
‘लालू परिवार ने बिहार के लिए नहीं, अपने लिए किया काम’
सीएम नीतीश ने कहा कि 15 साल की लालू-राबड़ी सरकार में कोई काम नहीं हुआ। जब खुद मुख्यमंत्री पद से हटे तो अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि पिछली सरकार ने सिर्फ अपने परिवार के लिए काम किया, बिहारवासियों के लिए कुछ नहीं किया।
‘हमारी सरकार ने सबके लिए किया विकास’
नीतीश कुमार ने कहा कि एनडीए सरकार ने हर वर्ग के लोगों के लिए समान रूप से काम किया है। चाहे हिंदू हों या मुस्लिम, सवर्ण, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित या महादलित, सभी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया।
‘पहले शाम होते ही लोग घरों में बंद हो जाते थे’
उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार की कानून व्यवस्था इतनी खराब थी कि लोग शाम होते ही घरों में सिमट जाते थे। आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। अब लोग बिना डर के कामकाज और यात्रा कर सकते हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य में बड़ा सुधार
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान सरकार ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से 2,58,000 शिक्षकों की नियुक्ति की है। छात्रों के लिए पोशाक और साइकिल योजना चलाई जा रही है। साथ ही, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मुफ्त इलाज और दवा की सुविधा दी जा रही है। अब हर महीने औसतन 11,600 मरीज इलाज कराने आते हैं, जबकि पहले नाममात्र के मरीज पहुंचते थे।
‘हर घर तक पहुंचा नल का पानी, सड़कों की स्थिति सुधरी’
नीतीश ने कहा कि पहले बिहार की सड़कों की हालत काफी खराब थी, लेकिन अब हर घर तक अच्छी सड़कों की व्यवस्था की गई है। नल जल योजना के तहत हर घर तक पीने का पानी पहुंचाया गया है।
‘महिलाओं को मिला सम्मान और आत्मनिर्भरता’
सीएम ने कहा कि महिलाओं को 35% आरक्षण दिया गया है। जीविका समूह के माध्यम से लगभग हर महिला को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। अब महिलाएं आत्मनिर्भर हैं और बाजारों में सुरक्षित महसूस करती हैं।
‘फ्री बिजली और पेंशन से मिली राहत’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 125 यूनिट मुफ्त बिजली दे रही है। वृद्धावस्था पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 कर दी गई है। इसके साथ ही, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी बनाए गए हैं।
‘बिहार विकास की पटरी पर लौट चुका है’
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार अब विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगर एनडीए की सरकार फिर बनी तो राज्य और ऊंचाइयों को छुएगा।
इसे भी पढ़ें : भारत बना वर्ल्ड चैंपियन, ‘शेरनियों’ ने दिलाई शानदार जीत

