अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में रविवार का दिन भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया। भारत ने महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
भारत की ऐतिहासिक जीत
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर ढेर हो गई। भारत की दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और मैच का रुख पलट दिया। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान लॉरा वोल्वार्ट की 101 रनों की पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
शेफाली वर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 87 रन बनाए और 2 विकेट झटके। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
कप्तान हरमनप्रीत की भावनाएं छलकीं
जीत के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं। उन्होंने मैदान पर स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को गले लगाकर अपनी खुशी जाहिर की। इसके बाद पूरी टीम ने मैदान में भांगड़ा कर जश्न मनाया।
मैदान पर जश्न का माहौल
खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के साथ पूरे मैदान का चक्कर लगाया और दर्शकों का आभार जताया। दर्शकों ने भी “भारत माता की जय” के नारों से स्टेडियम गूंजा दिया।
52 साल के महिला वनडे विश्व कप इतिहास में यह भारत का पहला खिताब है। साल 1973 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट में भारत ने दो बार फाइनल तक पहुंचकर खिताब गंवाया था, लेकिन इस बार हरमनप्रीत की टीम ने इतिहास रच दिया।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में कई थानेदार इधर से उधर… देखें लिस्ट

